कॉकरोच जनता पार्टी के पूर्व प्रवक्ता रहे विजेता दहिया ने उत्तर प्रदेश में असदुद्दीन ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद के गठबंधन 'सामाजिक परिवर्तन मोर्चा' का समर्थन किया है। सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट में उन्होंने चंद्रशेखर आजाद को भाजपा की 'बी टीम' कहे जाने पर नाराजगी जताई और कांग्रेस तथा समाजवादी पार्टी पर दलितों और मुस्लिमों के वोट को हक के तौर पर मानने का आरोप लगाया।

गौरतलब है कि अगले साल होने वाले यूपी चुनाव से पहले पिछले सप्ताह ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) के अध्यक्ष और सांसद असदुद्दीन ओवैसी तथा आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के अध्यक्ष और सांसद चंद्रशेखर आजाद ने हाथ मिलाकर 'सामाजिक परिवर्तन मोर्चा' बनाया था। चंद्रशेखर आजाद को मोर्चे की ओर से मुख्यमंत्री पद का चेहरा घोषित किया गया है और दोनों दलों ने राज्य की सभी 403 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने की घोषणा की है। इस गठबंधन को कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के लिए सीधी चुनौती माना जा रहा है।

विजेता दहिया ने सोमवार को अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक रील पोस्ट कर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि अब चंद्रशेखर आजाद को भाजपा की बी टीम बताया जा रहा है और कहा जा रहा है कि वे चुनाव जीतेंगे नहीं, बस वोट काटेंगे। दहिया ने दिल्ली और बिहार का उदाहरण देते हुए कहा कि जब कांग्रेस के पास चुनाव लड़ने का लोकतांत्रिक अधिकार है, तो किसी और के लड़ने पर उसे बी टीम कैसे कहा जा सकता है। उन्होंने दावा किया कि बिहार में कांग्रेस ने 6 और AIMIM ने 5 सीटें जीती थीं।

दहिया ने आरोप लगाया कि चंद्रशेखर आजाद से कई बार सीट शेयरिंग का प्रस्ताव रखा गया, लेकिन तब कोई दल आगे नहीं आया। उन्होंने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि ये पार्टियां दलितों और मुस्लिमों को हक के तौर पर क्यों लेती हैं और इन समुदायों के लिए आवाज नहीं उठातीं, जबकि उनके वोट पर अपना अधिकार जताती हैं।