विक्रमशिला-कटरिया नई रेललाइन परियोजना के लिए भूमि अधिग्रहण का काम शुरू हो गया है। 14 सितंबर को पंचाट की घोषणा के बाद यह प्रक्रिया शुरू हुई और इस साल के अंत तक जमीन अधिग्रहण पूरा करने का लक्ष्य है। कहलगांव, गोपालपुर और रंगरा चौक के 16 राजस्व ग्रामों में 419.8586 एकड़ जमीन अधिग्रहीत की जानी है, जिस पर 202.3129 करोड़ रुपये खर्च होंगे। कुल 1502 पंचाटी को जमीन के बदले भुगतान करना है, जिनमें से अब तक 284 पंचाटी ने आवेदन किया है और 111 को भुगतान किया जा चुका है।
करीब 33 किलोमीटर लंबी इस रेल परियोजना के निर्माण के लिए 1163 करोड़ रुपये से अधिक का ई-टेंडर जारी किया गया है, जिसकी अंतिम तिथि 27 जनवरी 2027 है। निविदा प्रक्रिया पूरी होने और कार्य आवंटन के बाद निर्माण कार्य को 1460 दिनों यानी करीब चार वर्ष में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। सब कुछ ठीक रहा तो अगले साल निर्माण शुरू हो जाएगा।
परियोजना का सबसे महत्वपूर्ण हिस्सा बटेश्वरस्थान के समीप गंगा नदी पर बनने वाला करीब 2.44 किलोमीटर लंबा Y आकार का डबल लाइन रेल पुल होगा। इसके जरिए दक्षिण की ओर विक्रमशिला और शिवनारायणपुर स्टेशन जुड़ेंगे, जबकि उत्तर की ओर यह कटरिया और नवगछिया रेल नेटवर्क से जुड़ेगा। शिवनारायणपुर और कटरिया वाई-लिंक का निर्माण भी किया जाएगा। परियोजना के तहत बटेश्वरस्थान धाम और कालूचक नाम से दो नए स्टेशन बनाए जाएंगे, साथ ही मुख्य पुल समेत कुल 26 छोटे और मध्यम पुल, दो रेल ओवरब्रिज और एक अंडरपास का निर्माण होगा।
रेलखंड फिलहाल सिंगल लाइन के रूप में विकसित किया जाएगा, लेकिन भविष्य में दोहरीकरण की संभावना को देखते हुए अतिरिक्त रेललाइन के लिए पर्याप्त जगह छोड़ी जाएगी। पूरी परियोजना भारतीय रेलवे के 25 टन एक्सल लोडिंग मानक के अनुरूप बनाई जानी है। परियोजना पूरी होने से भागलपुर और नवगछिया के बीच गंगा पार सीधा रेल संपर्क स्थापित होगा, जिससे कोसी, सीमांचल और संताल परगना के यात्रियों को आवागमन में सुविधा मिलेगी और क्षेत्र के व्यापार, परिवहन व आर्थिक गतिविधियों को गति मिलने की उम्मीद है।
