विधानसभा चुनाव से पहले उत्तर प्रदेश में 17 नवंबर से 16 दिसंबर तक मतदाता सूची का विशेष सूक्ष्म पुनरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। मेरठ में ड्राफ्ट मतदाता सूची चुनाव आयोग और जनपद की वेबसाइट के साथ सभी बूथों पर उपलब्ध करा दी गई है। मतदाता इसका निरीक्षण करके अपना नाम शामिल कराने का दावा अथवा किसी अनुचित नाम पर आपत्ति ऑनलाइन या अपने बूथ पर बीएलओ को जमा करा सकते हैं।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं एडीएम प्रशासन विजय वर्धन तोमर के अनुसार सभी राजनीतिक दलों और बीएलओ को विधानसभा की मतदाता सूची उपलब्ध करा दी गई है। बीएलओ को इस सूची का मिलान पंचायत चुनाव की मतदाता सूची के साथ भी करना है। पंचायत चुनाव के जिन मतदाताओं के नाम विधानसभा की सूची में नहीं हैं, उनकी पहचान करके उनके आवेदन प्राप्त किए जाएंगे।
नवंबर महीने में 21, 22, 28 और 29 नवंबर को चार दिन विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन दिनों बीएलओ दिनभर अपने बूथों पर उपलब्ध रहेंगे। उनकी अनुपस्थिति में प्रत्येक मतदान केंद्र पर पदाभिहित अधिकारी के रूप में शिक्षक मतदाताओं को मिलेंगे।
मतदाताओं की समस्याओं के समाधान के लिए जिलाधिकारी कार्यालय में कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। मतदाता टोल फ्री नंबर 1950 पर डायल करके 24 घंटे संपर्क कर सकते हैं, जहां शिकायतें रजिस्टर में दर्ज करके समाधान किया जाएगा। स्कूल-कॉलेजों में इलेक्टोरल लिट्रेसी क्लब (ईएलसी) का गठन भी किया गया है।
