औरैया और महोबा में मतदाता पुनरीक्षण अभियान में लापरवाही बरतने पर प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। औरैया के जिलाधिकारी बृजेश कुमार ने बताया कि शनिवार को कलेक्ट्रेट में निर्वाचन संबंधी कार्यों की बैठक बुलाई गई थी, जिसमें उपायुक्त उद्योग एसके सूर्यवंशी और जिला सेवायोजन अधिकारी आशीष शुभम चौधरी शामिल नहीं हुए। दोनों अधिकारियों के वेतन आहरण पर अग्रिम आदेशों तक रोक लगाई गई है।
औरैया में चार बीएलओ का भी वेतन रोका गया है। इनमें बूथ संख्या 406 के अंकित कुमार, बूथ संख्या 439 के उदयवीर सिंह, बूथ संख्या 148 के संदीप कुमार और बूथ संख्या 168 के रामलखन शामिल हैं। इन बीएलओ ने 17 नवंबर से शनिवार तक मतदाता सूची के तहत कोई भी फार्म नहीं भरवाया। उपायुक्त उद्योग का कहना है कि उनकी तैनाती कानपुर नगर में सहायक आयुक्त उद्योग पद पर है और उपायुक्त उद्योग दिनेश चंद्र के अवकाश पर होने के कारण उन्हें औरैया में अतिरिक्त चार्ज मिला है। उन्होंने वेतन रोके जाने की जानकारी से अनभिज्ञता जताई है।
महोबा में चरखारी विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, एसडीएम आदेश सिंह सागर ने 39 बीएलओ के वेतन आहरण पर अग्रिम आदेशों तक रोक लगाई है। 17 से 27 नवंबर के बीच फार्म-6 की प्रगति की समीक्षा में पाया गया कि 38 मतदान स्थलों पर 11 दिनों में मात्र एक-एक फार्म-6 प्राप्त हुआ, जबकि एक मतदान स्थल पर एक भी फार्म नहीं मिला। इससे स्पष्ट है कि संबंधित बीएलओ ने घर-घर जाकर पात्र नागरिकों, विशेषकर 18-19 वर्ष के युवाओं से संपर्क का कार्य गंभीरता से नहीं किया।
इस बीच, विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के तहत मतदाताओं की सहायता के लिए कलेक्ट्रेट ककोर में डिस्ट्रिक्ट कांटेक्ट सेंटर स्थापित किया गया है, जहां मतदाता सूची संबंधी जानकारी और समस्याओं का समाधान उपलब्ध है। उप जिला निर्वाचन अधिकारी अविनाश चंद्र मौर्य ने बताया कि 16 दिसंबर तक दावे और आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी। साथ ही दिबियापुर, बिधूना और औरैया सदर विधानसभा क्षेत्रों में अधिकारियों ने मतदेय स्थलों का निरीक्षण कर पुनरीक्षण कार्यों की हकीकत परखी।
