वजीराबाद रोड पर भजनपुरा के पास सड़क के बीचोबीच खड़े तीन पेड़ वाहनों की रफ्तार रोक रहे हैं, जिससे रोजाना भीषण जाम लग रहा है। इन पेड़ों में पीपल समेत अन्य पेड़ शामिल हैं। स्थानीय विधायक अजय महावर के मुताबिक, ये पेड़ पहले सड़क के बीच में नहीं थे, बल्कि सर्विस रोड पर थे। फ्लाईओवर निर्माण के दौरान पीडब्ल्यूडी ने सर्विस रोड को खत्म कर दिया, जिसके कारण पेड़ सड़क पर आ गए।

वजीराबाद रोड यमुनापार के प्रमुख मार्गों में से एक है, जिससे रोजाना बड़ी संख्या में निजी वाहन, बसें, मालवाहक वाहन और दोपहिया वाहन गुजरते हैं। डबल डेकर फ्लाईओवर का निर्माण पहले से चल रहा है, और सड़क का हिस्सा संकरा होने से आवाजाही प्रभावित हो रही है। खासकर व्यस्त समय में भजनपुरा से यमुना विहार तक वाहनों की कतार लग जाती है।

वाहन चालकों का कहना है कि फ्लाईओवर बनने के बाद भले ही यातायात को राहत मिले, लेकिन फिलहाल इस रास्ते से रोजाना गुजरना चुनौती से कम नहीं है। जाम में फंसने से लोगों का समय और ईंधन दोनों बर्बाद हो रहे हैं। उन्होंने पीडब्ल्यूडी और वन विभाग से मिलकर सड़क से पेड़ हटाने की मांग की है।

पीडब्ल्यूडी ने वन विभाग से पेड़ों को हटाने की अनुमति मांगी है। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि निर्माण कार्य के साथ यातायात को सुगम बनाने के लिए दोनों विभाग क्या कदम उठा रहे हैं।