मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि 'बंटोगे तो कटोगे' का नारा ध्रुवीकरण के लिए नहीं, बल्कि समाज को सतर्क और एकजुट करने के लिए है। लखनऊ में एक मीडिया समूह के कार्यक्रम में बुधवार को उन्होंने कहा कि समाज तभी सुरक्षित रह सकता है, जब वह अतीत के अनुभवों को याद रखे। उन्होंने अभिभावकों और युवाओं से अपील की कि नई पीढ़ी को पिछली सरकारों के कार्यकाल में हुई अराजकता, दंगों, कर्फ्यू और असुरक्षा के बारे में जानकारी दी जाए। उन्होंने जवाहर बाग प्रकरण, मुजफ्फरनगर, कोसीकलां और अलीगढ़ दंगों तथा बरेली हिंसा का जिक्र करते हुए कहा कि आज प्रदेश दंगा और कर्फ्यू मुक्त है।
मुख्यमंत्री ने चंद्रशेखर और असदुद्दीन ओवैसी को इंडी गठबंधन की बी टीम बताया और आरोप लगाया कि इनके राजनीतिक एजेंडे और गतिविधियों से सपा-कांग्रेस को मदद मिलती है। उन्होंने कहा कि समाज को बांटकर राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश की जा रही है, लेकिन जनता विकास, सुशासन और सामाजिक एकता के पक्ष में है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा अपने नेतृत्व, कार्यकर्ताओं और डबल इंजन सरकार की उपलब्धियों के आधार पर जनता के बीच जाएगी और 2027 में तीसरी बार पूर्ण बहुमत की सरकार बनेगी। सीटों की संख्या का उल्लेख किए बिना उन्होंने कहा कि उन्हें जनता का समर्थन मिलेगा। एनडीए में सीट बंटवारे पर उन्होंने कहा कि इससे जुड़े फैसले भाजपा की चुनाव समिति और सहयोगी दल आपसी सहमति से तय करेंगे।
कानून-व्यवस्था पर उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने भयमुक्त वातावरण तैयार किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि पहले दंगाइयों को स्टेट प्लेन से बुलाकर मुख्यमंत्री आवास में माला पहनाई जाती थी, जबकि आज उन्हें दाग दिया जाता है। विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को उन्होंने मतदाता सूची के शुद्धिकरण का महत्वपूर्ण प्रयास बताया और कहा कि मृत मतदाताओं तथा गैर भारतीयों के नाम सूची से हटने चाहिए, जबकि प्रत्येक वयस्क भारतीय का नाम शामिल होना चाहिए। भाजपा कार्यकर्ताओं से इस प्रक्रिया में सहयोग की अपील की गई, ताकि कोई पात्र मतदाता वंचित न रहे। कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि वह अपनी राजनीतिक विफलता का दोष कभी ईवीएम, कभी वोट चोरी और कभी निर्वाचन आयोग पर डालती है, और बिना तथ्य व प्रमाण के संस्थाओं पर सवाल उठाना लोकतांत्रिक व्यवस्था का अपमान है।
सपा की पीडीए राजनीति पर मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि सपा नेताओं के बयान और व्यवहार उसका वास्तविक चेहरा सामने लाते हैं, और कई बयानों का उल्लेख करते हुए दलितों तथा महापुरुषों का अपमान करने का आरोप लगाया। राम मंदिर चंदा प्रकरण पर उन्होंने कहा कि साक्ष्यों के आधार पर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा और कांग्रेस ने तुष्टीकरण की राजनीति के कारण राम मंदिर निर्माण का विरोध किया और अयोध्या में विकास कार्यों में बाधाएं खड़ी कीं।
