उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और पंजाब समेत पांच राज्यों में 2027 में होने वाले विधानसभा चुनावों को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। संकेतों के मुताबिक चुनाव आयोग चुनाव कार्यक्रम की घोषणा 15 जनवरी के आसपास कर सकता है, जबकि मतदान 22 फरवरी के बाद शुरू होने की संभावना है। बताया जा रहा है कि उत्तर प्रदेश को छोड़कर बाकी राज्यों में एक ही चरण में चुनाव कराए जा सकते हैं, जबकि यूपी में तीन से चार चरणों में मतदान की तैयारी है।
चुनाव आयोग ने तैयारियां शुरू कर दी हैं, लेकिन अभी उत्तर प्रदेश और गोवा में अधिकारियों का दौरा पूरा नहीं हुआ है। इसे 15 दिसंबर तक पूरा होने की उम्मीद है। इसके बाद मुख्य चुनाव आयुक्त और चुनाव आयुक्तों का दौरा शुरू होगा, जिसमें करीब एक महीने का समय लग सकता है। आयोग सभी राज्यों में अपना दौरा पूरा होने के बाद ही चुनाव की तारीखों का एलान करता है।
चुनाव कार्यक्रम तय करते समय बोर्ड परीक्षाओं और प्रयागराज में लगने वाले माघ मेले को भी ध्यान में रखा जा रहा है। माघ मेले में प्रयागराज और आसपास के जिलों से लाखों लोग महीने भर के कल्पवास के लिए आते हैं। कल्पवासी माघी पूर्णिमा यानी 20 फरवरी तक रहते हैं। वहीं यूपी बोर्ड की परीक्षाएं पांच फरवरी से 24 फरवरी तक प्रस्तावित हैं।
आयोग से जुड़े सूत्रों के मुताबिक, जिन पांच राज्यों में चुनाव होने हैं, उनमें मणिपुर में विधानसभा का कार्यकाल सबसे पहले 13 मार्च 2027 को समाप्त हो रहा है। ऐसे में चुनाव प्रक्रिया इससे पहले पूरी करनी है। इस आधार पर इन राज्यों में मतदान 24 फरवरी से आठ मार्च के बीच कराया जा सकता है। गौरतलब है कि मणिपुर में विधानसभा का कार्यकाल 13 मार्च 2027, गोवा में 14 मार्च 2027, पंजाब में 16 मार्च 2027, उत्तराखंड में 28 मार्च 2027 और उत्तर प्रदेश में 22 मई 2027 तक है।
