हरिद्वार में भाजपा कार्यसमिति बैठक के दौरान रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कांग्रेस पर वैचारिक प्रहार किया और पार्टी कार्यकर्ताओं से सत्ता के उतार-चढ़ाव से परे संगठन की विचारधारा और सिद्धांतों पर अडिग रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि भाजपा के लिए सत्ता एकमात्र लक्ष्य नहीं, बल्कि विचारधारा और जनसेवा के संकल्प को जमीन पर उतारने का माध्यम है। चुनावी पराजय स्वीकार्य हो सकती है, लेकिन सिद्धांतों से समझौता नहीं। उन्होंने मंत्रियों और जनप्रतिनिधियों को पद के मोह से दूर रहने की नसीहत देते हुए मंत्री पद को शक्ति की कुर्सी नहीं, बल्कि सेवा की चौकी बताया।

राजनाथ सिंह ने भाजपा और कांग्रेस की राजनीतिक संस्कृति के अंतर को रेखांकित करते हुए कहा कि भाजपा ने कभी विपक्ष की भाषा में जवाब देने का रास्ता नहीं चुना। हैदराबाद में कांग्रेस के कार्यक्रम का उल्लेख कर उन्होंने राहुल गांधी की मौजूदगी में प्रधानमंत्री के विरुद्ध कथित आपत्तिजनक भाषा के इस्तेमाल पर सवाल उठाए और कहा कि लोकतांत्रिक असहमति और राजनीतिक मर्यादा के बीच स्पष्ट सीमा होनी चाहिए। उन्होंने ईवीएम को लेकर उठ रहे सवालों पर सुप्रीम कोर्ट के फैसले का जिक्र करते हुए कांग्रेस से आपातकाल और उस दौरान नागरिक अधिकारों पर लगे प्रतिबंधों का जवाब देने की मांग की। उन्होंने एक सार्वजनिक कार्यक्रम में कांग्रेस विधायक हरीश धामी की ओर से कथित तोड़फोड़ और अभद्रता की घटना का भी उल्लेख किया।

केंद्र सरकार की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए रक्षा मंत्री ने कहा कि अमेरिका ने भारत को दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्थाओं में शामिल बताया है, जो बदलते वैश्विक परिदृश्य में भारत की बढ़ती पहचान का संकेत है। उन्होंने दावा किया कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में पिछले 13 वर्षों में करीब 45 करोड़ लोग गरीबी रेखा से बाहर आए हैं। स्वच्छ भारत मिशन, प्रधानमंत्री आवास योजना, रोजगार के अवसरों और ग्रामीण-शहरी बुनियादी सुविधाओं के विस्तार को उन्होंने इस विकास यात्रा के प्रमुख आधार बताया।