महाराष्ट्र से भाजपा के राज्यसभा सांसद रामराव सखाराम वडकुते का 72 वर्ष की आयु में निधन हो गया। दिल का दौरा पड़ने के बाद उन्हें नई दिल्ली के एम्स में भर्ती कराया गया था, जहां रविवार को इलाज के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनके निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है।
पीएम मोदी ने एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि राज्यसभा सांसद श्री रामराव वडकुटे जी के निधन की खबर सुनकर गहरा दुख हुआ। उन्हें समाज सेवा में उनके योगदान और गरीबों तथा वंचित वर्गों की सेवा को प्राथमिकता देने के लिए याद किया जाएगा। महाराष्ट्र में भाजपा संगठन को मजबूत करने के उनके प्रयास भी उतने ही उल्लेखनीय थे। पीएम मोदी ने इस दुख की घड़ी में उनके परिवार और प्रशंसकों के प्रति संवेदनाएं जताईं।
वडकुते की गिनती महाराष्ट्र के मराठवाड़ा इलाके के प्रभावशाली नेताओं में होती थी। वे विशेष रूप से धनगर समुदाय के हितों और उनसे जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाने के लिए पहचाने जाते थे। इसी साल मार्च 2026 में भाजपा ने उन्हें महाराष्ट्र से राज्यसभा का उम्मीदवार बनाया था और अप्रैल 2026 में उन्होंने उच्च सदन के सदस्य के रूप में शपथ ली थी।
वडकुते ने अपनी राजनीतिक पारी की शुरुआत राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के साथ की थी। वे 2004 से 2019 तक महाराष्ट्र विधान परिषद के सदस्य रहे। अपने सार्वजनिक जीवन में उन्होंने महाराष्ट्र राज्य सहकारी दुग्ध महासंघ के अध्यक्ष और अहिल्यादेवी होलकर भेड़ एवं बकरी विकास निगम के अध्यक्ष जैसे महत्वपूर्ण पदों पर काम किया। उनके निधन पर महाराष्ट्र के राजनीतिक जगत में शोक की लहर है। महाराष्ट्र विधानसभा के अध्यक्ष राहुल नार्वेकर ने सोशल मीडिया के माध्यम से श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि दिल्ली में गंभीर हार्ट अटैक के बाद उनके निधन का समाचार अत्यंत पीड़ादायक और हृदयविदारक है।
