26/11 मुंबई हमलों के 18 साल पूरे हो गए हैं, लेकिन शहीदों को अब तक इंसाफ नहीं मिला है। आज ही के दिन 2008 में लश्कर-ए-तैयबा के 10 आतंकियों ने कराची के समुद्री रास्ते से मुंबई में घुसकर ताज होटल, ओबेरॉय ट्राइडेंट, सीएसटी स्टेशन और नरीमन हाउस समेत कई ठिकानों पर हमला किया था। इन हमलों में 160 से ज्यादा लोगों की मौत हुई थी और बड़ी संख्या में लोग घायल हुए थे।
हमलों के बाद जिंदा पकड़े गए आतंकी अजमल कसाब और बाद में डेविड हेडली के बयानों से, खुफिया एजेंसियों के मुताबिक, यह साबित हुआ था कि साजिश में पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी ISI और वहां की सेना की मिलीभगत थी। भारतीय खुफिया एजेंसियों के अनुसार हमलों को अंजाम देने वाले छह आरोपी अब भी पाकिस्तान में खुलेआम घूम रहे हैं, जिनमें लश्कर-ए-तैयबा का सरगना हाफिज सईद और संगठन का ऑपरेशन प्रमुख जकी-उर-रहमान लखवी शामिल हैं। इनके अलावा लश्कर कमांडर साजिद मजीद उर्फ साजिद मीर, पाकिस्तानी सेना के रिटायर्ड मेजर अब्दुर रहमान हाशिम सैयद उर्फ पाशा और ISI के दो अधिकारी मेजर इकबाल और मेजर समीर अली के नाम भी इनमें शामिल बताए जाते हैं।
भारतीय खुफिया अधिकारियों का कहना है कि हाफिज सईद को 2020 में अमेरिका के दबाव में 78 साल की कैद की सजा सुनाई गई थी, लेकिन उसे ISI का संरक्षण मिला हुआ है। लखवी को 2021 में टेरर फंडिंग के आरोप में तीन-तीन साल की पांच सजाएं सुनाई गई थीं, लेकिन वह भी अब आजाद है। साजिद मीर को कथित तौर पर गिरफ्तार कर आठ साल की जेल की सजा सुनाई गई थी, लेकिन उसके ठिकाने की पुख्ता जानकारी नहीं है। दो ISI अधिकारियों और एक पूर्व सैन्य अधिकारी के खिलाफ आज तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है।
साजिश में शामिल 10 आरोपियों में से सात हमलों के वक्त पाकिस्तान में थे। अबू कहाफा, अबू अलकमा, मुजम्मिल, अबू अनस और अबू हमजा ने आतंकियों को ट्रेनिंग और पनाह देने में अहम भूमिका निभाई थी और ये भी पाकिस्तान में ही हैं। वहीं, भारतीय एजेंसियों ने दो आरोपियों तक पहुंच बनाई है। NIA ने 2011 में अमेरिकी नागरिक डेविड कोलमैन हेडली से पूछताछ की थी, हालांकि अमेरिका ने उसे हिरासत में लेने की इजाजत नहीं दी। पाकिस्तानी-कनाडाई नागरिक तहव्वुर राणा को पिछले साल अप्रैल में प्रत्यर्पित कर लिया गया और वह तिहाड़ जेल में बंद है। राणा से पूछताछ के आधार पर पिछले साल जुलाई में 26/11 हमलों में एक नई चार्जशीट दाखिल की गई थी।
