तेलुगु अभिनेता नागार्जुन अक्किनेनी शुक्रवार को हैदराबाद में केंद्रीय कोयला मंत्री जी. किशन रेड्डी की अगुवाई में नशे के खिलाफ निकाली गई पदयात्रा में शामिल हुए। उन्होंने नशामुक्त भारत के निर्माण के लिए लोगों को जागरूक किया और नशे से दूर रहने की शपथ दिलाई।

हैदराबाद में पदयात्रा के तीसरे और अंतिम दिन नागार्जुन अमीरपेट में मार्च में शामिल हुए। इस दौरान अभिनेता साई कुमार, शिवा रेड्डी और फिल्म निर्देशक बोयापति श्रीनु भी मौजूद रहे। अभिनेता ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नशामुक्त भारत के संकल्प के तहत किशन रेड्डी की इस पहल की सराहना की।

नागार्जुन ने समाज के सभी वर्गों से इस अभियान का समर्थन करने की अपील की। शपथ दिलाते हुए उन्होंने कहा कि लोग खुद नशे से दूर रहें और अपने परिवार, दोस्तों तथा आसपास के समाज को भी नशे की गिरफ्त में आने से बचाने का प्रयास करें।

हैदराबाद वॉक्स फॉर नशा मुक्त भारत नाम से यह पदयात्रा 25 नवंबर को अंबरपेट से शुरू हुई थी। समापन समारोह में अभिनेता चिरंजीवी और आर्ट आफ लिविंग के संस्थापक श्री श्री रविशंकर भी शामिल होंगे।