दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने अंतरराज्यीय एटीएम लुटेरे राहुल खान को नूंह से गिरफ्तार किया है। डीसीपी क्राइम ब्रांच हर्ष इंदौरा के मुताबिक राहुल खान मेवात जिले की फिरोजपुर झिरका तहसील स्थित बाजितपुर गांव का रहने वाला है। वह दिल्ली, शिलांग और गुवाहाटी में हुई एटीएम लूट की पांच वारदातों में वांछित चल रहा था। दाबरी में 2020 में 19.10 लाख की एटीएम लूट के मामले में द्वारका कोर्ट ने 11 सितंबर 2025 को उसे भगोड़ा घोषित किया था। द्वारका नार्थ के 2020 के आर्म्स एक्ट के मामले में भी द्वारका कोर्ट ने पांच अगस्त को उसे भगोड़ा घोषित किया था। आपराधिक रिकॉर्ड खंगालने पर पता चला कि वह शिलांग और गुवाहाटी में हुई एटीएम लूट की तीन अन्य वारदातों तथा स्पेशल सेल के आर्म्स एक्ट के एक मामले में भी वांछित था।
नूंह-मेवात के संवेदनशील इलाके से इस अपराधी को पकड़ना पुलिस के लिए बड़ी चुनौती थी। बीते मार्च में जब मेघालय पुलिस की टीम राहुल खान को पकड़ने नूंह-मेवात पहुंची थी, तो आरोपी के समर्थकों की उग्र भीड़ ने पुलिस टीम पर हमला कर उसे पुलिस हिरासत से छुड़ा लिया था। उस समय आत्मरक्षा और भीड़ को तितर-बितर करने के लिए पुलिस को कई राउंड फायरिंग करनी पड़ी थी, जिसमें एक हमलावर को गोली लगी थी।
पिछली घटना को देखते हुए क्राइम ब्रांच ने इस बार गोपनीय तरीके से काम किया। एसीपी राज पाल डबास व इंस्पेक्टर गौतम मलिक के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तीन महीने तक तकनीकी सर्विलांस और मुखबिरों के जरिए आरोपी की गतिविधियों पर नजर रखी। पता चला कि वह बेहद सतर्क रहता है और बहुत कम समय के लिए ही अपने घर आता है। आखिरकार 26 नवंबर को पुख्ता सूचना के आधार पर बिना किसी अप्रिय घटना के राहुल खान को सुरक्षित दबोच लिया गया।
जानकारी के मुताबिक राहुल के पिता दिहाड़ी मजदूर हैं। कई साल पहले राहुल अपराधियों के संपर्क में आया और संगठित तरीके से एटीएम काटने और लूटने वाले अंतरराज्यीय गिरोह में शामिल हो गया। दिल्ली पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी की सूचना पूर्वोत्तर राज्यों मेघालय और असम की पुलिस को दे दी है, ताकि अन्य मामलों में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा सके।
