भारत-नेपाल सीमा पर महाकाली नदी पर बना मोटरेबल पुल आवागमन के लिए खुल गया है। नेपाल के दार्चुला स्थित असिगडा और उत्तराखंड के धारचूला स्थित छारछुम को जोड़ने वाला यह पुल 110 मीटर लंबा और दो लेन का है। इसके चालू होने से तुइन और ट्यूब के सहारे नदी पार करने की जोखिमभरी मजबूरी खत्म हो गई है और अब दोनों देशों के नागरिकों के साथ वाहन भी पुल से गुजर सकेंगे।
पुल का संयुक्त उद्घाटन नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह और भारत के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 23 नवंबर को नई दिल्ली के हैदराबाद हाउस से वर्चुअल माध्यम से किया था। पुल शुरू होने से सीमावर्ती क्षेत्र के लोगों में खुशी है। स्थानीय निवासी महेश कार्की ने बताया कि लंबे समय से इसके चालू होने का इंतजार था और पहले जरूरी कामों के लिए भी लोगों को पैदल या तुइन के सहारे नदी पार करनी पड़ती थी। अब समय और जोखिम, दोनों कम होंगे।
फिलहाल पुल सुबह छह से शाम छह बजे तक ही खुला रहता है और आपात स्थिति को छोड़कर शाम छह बजे के बाद आवाजाही बंद हो जाती है। स्थानीय लोगों ने पुल को 24 घंटे खुला रखने की मांग की है। दार्चुला के जिलाधिकारी वर्तराज पौडेल ने बताया कि भारतीय और नेपाली वाहनों को सीमा के नजदीकी बाजारों तक आने-जाने की अनुमति है। भारतीय क्षेत्र में 15 किलोमीटर से आगे जाने के लिए भारतीय दूतावास का पास जरूरी है, जबकि नेपाल आने वाले भारतीय वाहनों का खलंगा तक विवरण दर्ज कर रसीद जारी की जाती है।
स्थानीय व्यापारियों के अनुसार, नियमों में सहजता से पुल का लाभ अधिक लोगों तक पहुंचेगा।
