गोरखपुर के गीडा (गोरखपुर औद्योगिक विकास प्राधिकरण) के उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंचाने की तैयारी है। इसके लिए 29 नवंबर को गीडा के स्थापना दिवस पर बायर-सेलर मीट का आयोजन किया जा रहा है, जिसका शुभारंभ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करेंगे।
संयुक्त निदेशक उद्योग गौरव मिश्रा के अनुसार, पांच देशों के दूतावासों के माध्यम से प्रतिनिधियों को आमंत्रित किया गया था और उनकी सहभागिता की सहमति मिल गई है। जापान, नेपाल, ऑस्ट्रिया, वियतनाम और श्रीलंका के करीब 15 प्रतिनिधि इस मीट में शामिल होंगे। इनके अलावा देश के विभिन्न हिस्सों से 36 खरीदार भी पहुंचेंगे।
आयोजन में विदेशी प्रतिनिधियों और देश के अलग-अलग हिस्सों से आने वाले खरीदारों के सामने गीडा की औद्योगिक इकाइयों के उत्पाद प्रदर्शित किए जाएंगे। स्थानीय उद्यमियों को खरीदारों से सीधे बातचीत करने और अपनी उत्पादन क्षमता, गुणवत्ता तथा उत्पादों की विशेषताओं से परिचित कराने का अवसर मिलेगा। अब तक उद्यमियों को अपने उत्पादों के लिए दूसरे राज्यों और देशों के खरीदारों तक पहुंच बनाने के लिए अलग से प्रयास करना पड़ता था।
चैंबर ऑफ इंडस्ट्रीज के अध्यक्ष आरएन सिंह का कहना है कि गीडा के उत्पादों को वैश्विक पहचान दिलाने के लिए बायर-सेलर मीट का दायरा बढ़ाया जा रहा है और पांच देशों के प्रतिनिधियों का पहुंचना भविष्य के लिए बेहतर संकेत है। उनके अनुसार, गीडा में वैश्विक मानकों के अनुरूप उत्पाद तैयार हो रहे हैं और सालाना करीब 150 करोड़ रुपये का निर्यात इसकी संभावनाओं को दर्शाता है। इस पहल से स्थानीय उद्यमियों को नए कारोबारी संपर्क बनाने और निर्यात के अवसर तलाशने में मदद मिलने की उम्मीद है।
