चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (सीडीएस) जनरल एनएस राजा सुब्रमणि ने कहा है कि भारत प्रतिद्वंद्वी की ओर से गुप्त तरीके से संज्ञानात्मक युद्ध का सामना कर रहा है। उन्होंने कहा कि युद्ध और शांति के बीच का अंतर आज धुंधला हो रहा है और लगातार प्रतिद्वंद्विता की स्थिति बनी हुई है। यह बात उन्होंने नई दिल्ली में विवेकानंद इंटरनेशनल फाउंडेशन की ओर से आयोजित एक सत्र में कही।

सीडीएस जनरल सुब्रमणि 'युद्ध का भविष्य और बहु-क्षेत्रीय अभियान चलाने की भारत की तैयारी' विषय पर बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि लंबे समय तक चलने वाले युद्ध से लड़ने और उसे जारी रखने के लिए पूरे राष्ट्र के स्तर पर प्रयास जरूरी हैं। उन्होंने सभी क्षेत्रों में क्षमताएं मजबूत करने पर जोर दिया। इस सत्र का संचालन पूर्व सीडीएस जनरल अनिल चौहान (सेवानिवृत्त) ने किया, जो पिछले साल ऑपरेशन सिंदूर के दौरान चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ थे।

जनरल सुब्रमणि ने ऑपरेशन सिंदूर का जिक्र करते हुए इसके दूसरे चरण को संयुक्त, एकीकृत बहु-क्षेत्रीय अभियानों का उत्कृष्ट उदाहरण बताया। उन्होंने कहा कि भारत का तनाव-वृद्धि के क्रम पर नियंत्रण और उसमें बढ़त थी, और इससे भारत को निर्णायक जीत मिली। उन्होंने आगाह किया कि तकनीकी श्रेष्ठता केवल अस्थायी होती है और भविष्य के युद्धों के लिए तैयार रहने के वास्ते इसमें लगातार सुधार करना होगा।

सीडीएस ने बताया कि सशस्त्र बलों का इलेक्ट्रॉनिक युद्ध ढांचा आधुनिक बनाने के लिए तीनों सेनाओं के साथ काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बहु-क्षेत्रीय अभियानों का मतलब सभी क्षमताओं को एक साथ जोड़ना नहीं, बल्कि अलग-अलग क्षमताओं को इस तरह एकीकृत करना है कि प्रतिद्वंद्वी के सामने कई दुविधाएं खड़ी हों। उनके मुताबिक, ऐसे अभियानों के लिए सैन्य-अंतरिक्ष ढांचे का एकीकरण, प्रभावी संवाद क्षमता, साइबर रक्षा और एकीकृत कमान एवं नियंत्रण प्रणाली अहम हैं। सैन्य तैयारी पर उन्होंने कहा कि हमें किसी तयशुदा खाके को नहीं देखना चाहिए, हमारा अपना खाका होना चाहिए। (समाचार एजेंसी पीटीआई के इनपुट के साथ)