26 नवंबर 2008 के मुंबई आतंकी हमलों की 18वीं बरसी पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह समेत देश-विदेश के नेताओं ने शहीदों और पीड़ितों को श्रद्धांजलि दी। गृह मंत्री शाह ने आतंकवाद के हर स्वरूप के खिलाफ वैश्विक लड़ाई में भारत की अग्रणी भूमिका की सराहना की और कहा कि देश निर्णायक कार्रवाई कर रहा है। वहीं, अमेरिका और इजरायल ने कहा कि आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में वे मजबूती से भारत के साथ खड़े हैं।

राष्ट्रपति मुर्मु ने हमलों के दौरान बहादुरी से डटे सुरक्षाकर्मियों और अन्य लोगों के साहस को नमन किया। उन्होंने कहा कि आतंकवाद जिंदगियां उजाड़ सकता है, लेकिन साहस, करुणा और दृढ़ता से एकजुट राष्ट्र का हौसला नहीं तोड़ा जा सकता। गृह मंत्री शाह ने एक्स पर कहा कि 2008 में आज ही के दिन हुए कायरतापूर्ण हमलों ने पूरे देश को झकझोर दिया था। उन्होंने आतंकियों को करारा जवाब देते हुए प्राण न्योछावर करने वाले वीर जवानों को नमन किया और जान गंवाने वाले निर्दोष लोगों को श्रद्धांजलि दी। शाह ने आतंकवाद को मानवता के खिलाफ सबसे जघन्य अपराध बताते हुए कहा कि मोदी सरकार की जीरो टोलरेंस नीति की दुनियाभर में सराहना हो रही है।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने उन सुरक्षाकर्मियों के साहस, वीरता और समर्पण की सराहना की, जिन्होंने आतंक के खिलाफ डटकर मुकाबला किया। उन्होंने कहा कि भारत आतंकवाद के सभी स्वरूपों को खत्म करने के लिए प्रतिबद्ध है। विदेश मंत्री एस जयशंकर ने भी आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई जारी रखने की बात कही और कहा कि भारत इस मुद्दे पर कभी समझौता नहीं करेगा। महाराष्ट्र के राज्यपाल जिष्णु देव वर्मा और मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मुंबई पुलिस मुख्यालय में उन लोगों को पुष्पांजलि अर्पित की, जिन्होंने हमलों के दौरान सर्वोच्च बलिदान दिया था।

भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने हमलों के पीड़ितों को श्रद्धांजलि दी। एक्स पर उन्होंने कहा कि बरसी पर वे छह अमेरिकियों समेत मारे गए 166 निर्दोष लोगों को नमन करते हैं और आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में अमेरिका भारत के साथ खड़ा है। इजरायल के विदेश मंत्रालय ने भी एक्स पर कहा कि वह आतंकवाद के खिलाफ साझा लड़ाई में भारत के साथ मजबूती से खड़ा है और पीड़ितों को श्रद्धांजलि देता है। गौरतलब है कि 26 नवंबर 2008 को पाकिस्तान से समुद्री रास्ते मुंबई पहुंचे लश्कर-ए-तैयबा के 10 आतंकियों ने शहर के कई प्रमुख स्थानों को निशाना बनाया था, जिनमें विदेशी नागरिकों सहित 166 लोगों की जान गई और 300 से अधिक लोग घायल हुए थे।