आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने पार्टी के स्थापना दिवस के मौके पर संगठन के सफर, संघर्षों और उपलब्धियों को साझा किया है। उन्होंने अपने इंटरनेट मीडिया अकाउंट पर पोस्ट कर कहा कि पार्टी ने बेहद कम समय में लंबा और चुनौतीपूर्ण रास्ता तय किया है। केजरीवाल ने लिखा कि पार्टी बनते समय उन पर कई सवाल उठाए गए थे, लेकिन वे टिके रहे और पूरे देश का दिल जीता।

अपनी पोस्ट में केजरीवाल ने कहा कि पार्टी ने दिल्ली और पंजाब में सरकार बनाई और जम्मू-कश्मीर से लेकर गोवा और गुजरात तक लोगों का विश्वास और प्यार मिला। उन्होंने कहा कि आप ने काम की राजनीति की और शिक्षा तथा स्वास्थ्य पर बात की। उनका दावा था कि राजनीति उन्हें बदल नहीं पाई, बल्कि उन्होंने राजनीति को बदल दिया।

स्थापना दिवस के संदेश में कहा गया कि पार्टी अब उस मुकाम पर पहुंच चुकी है, जहां उसने राजनीति के पारंपरिक तौर-तरीकों को बदलने की दिशा में नई मिसाल कायम की है। हालांकि, नेतृत्व का मानना है कि देश और समाज के हित में अभी बहुत कुछ किया जाना बाकी है।

केजरीवाल ने कहा कि अभी देश के लिए बहुत काम करना है और वे न डरेंगे और न पीछे हटेंगे। उन्होंने पार्टी के सभी कार्यकर्ताओं और समर्थकों को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दीं। पार्टी ने यह संकल्प दोहराया है कि वह जनता की सेवा और देश के विकास के लिए निरंतर काम करती रहेगी और जनहित के मुद्दों पर अपनी प्रतिबद्धता कायम रखेगी।