कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के अभिजीत दीपके ने बुधवार को नागपुर में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस बुलाई, जिसमें उन्होंने केंद्र की मोदी सरकार पर सोशल मीडिया सेंसरशिप को लेकर हमला बोला। कॉन्फ्रेंस की शुरुआत उन्होंने 'मोदी चालीसा' नाम के एक गीत से की। इस गीत के बजते ही उन पर हनुमान चालीसा के अपमान के आरोप लगने लगे।
दीपके ने दावा किया कि सोशल मीडिया पर केवल प्रधानमंत्री मोदी को ही बढ़ावा दिया जा रहा है और जनवरी से जून के बीच इंस्टाग्राम से 50 लाख से अधिक पोस्ट हटाई गई हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि पीएम मोदी की तस्वीर को छोड़कर राजनीति से जुड़ी अन्य चीजों को इंस्टाग्राम और मेटा पर दबाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इसी वजह से उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस में पीएम की तस्वीर और 'मोदी चालीसा' रखा, ताकि इंस्टाग्राम इसे अपने प्लेटफॉर्म से न हटाए। इस दौरान सीजेपी के सह संयोजक आशुतोष रांका भी मौजूद थे।
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान एक पत्रकार ने दीपके से पूछा कि क्या 'मोदी चालीसा' के ऑडियो से हिंदुओं की धार्मिक भावनाएं आहत नहीं होंगी। इस सवाल पर दीपके भड़क गए और उन्होंने इस गीत को बनाने वाले तथा भाजपा के सोशल मीडिया हैंडल पर कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि जिस सिंगर ने यह गाना गाया है, उस पर तुरंत एफआईआर होनी चाहिए और उसे जेल में डाला जाना चाहिए। साथ ही उन्होंने भाजपा के सोशल मीडिया वालों पर भी एफआईआर की मांग करते हुए कहा कि यह गाना वहीं से उठाया गया है। गौरतलब है कि सीजेपी पर पहले भी सनातन धर्म के अपमान के आरोप लग चुके हैं। नीट पेपर लीक के खिलाफ आंदोलन के दौरान 'सीता के पति' नारे लगने पर भी विवाद हुआ था।
इस बीच अभिजीत दीपके ने साफ किया है कि वे चुनाव नहीं लड़ेंगे। उन्होंने चुनाव लड़ने या नई पार्टी बनाने की संभावनाओं को खारिज करते हुए कहा कि सीजेपी की कोई राजनीतिक पार्टी बनाने की योजना नहीं है। उन्होंने कहा कि वे किसी भी पार्टी का पक्ष लेने के लिए नहीं आए हैं और आगामी यूपी चुनावों में भी किसी पार्टी को समर्थन नहीं देंगे।
