नागपुर : केंद्र सरकार ने संसद का विशेष सत्र बुलाया है और चर्चा है कि इसमें परिसीमन बिल लाया जा सकता है। इसके साथ ही 33 फीसदी महिला आरक्षण का रास्ता भी साफ हो सकता है। इसी बीच कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के चीफ अभिजीत दिपके ने बीजेपी के सामने बड़ी चुनौती रख दी है। नागपुर में संविधान बचाओ रैली को संबोधित करते हुए दिपके ने कहा कि महिला आरक्षण पर खूब बात हो रही है, लेकिन यह 33 फीसदी क्यों, 50 फीसदी होना चाहिए, क्योंकि महिलाओं की संख्या आधी है। उन्होंने वहां मौजूद लड़कियों से भी इस पर हामी भरवाई।
संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू की जानकारी के मुताबिक, केंद्र सरकार ने 30 नवंबर 2026 को लोकसभा और 2 दिसंबर 2026 को राज्यसभा की बैठक बुलाने का अनुरोध किया है। इसकी जानकारी देते ही देश की राजनीति गरमा गई है। चर्चा है कि सरकार ने संविधान संशोधन करके लोकसभा की सीटें बढ़ाने के लिए जरूरी दो तिहाई संख्याबल की व्यवस्था कर ली है और विशेष सत्र में परिसीमन बिल ला सकती है। इससे पहले कॉकरोच पार्टी ने बीजेपी पर नया दबाव बना दिया है।
दिपके ने मांग की है कि महिला आरक्षण अच्छी बात है, लेकिन यह 33 नहीं बल्कि 50 फीसदी होना चाहिए। उन्होंने बीजेपी से कहा कि वह पहले उत्तर प्रदेश और पंजाब के चुनावों में 50 फीसदी महिलाओं को टिकट दे और दूसरे दलों को भी ऐसा करने के लिए बाध्य करे। दिपके के मुताबिक, अगर बीजेपी ऐसा करेगी तो पता चलेगा कि वे महिला आरक्षण चाहते हैं। रैली में अभिनेता प्रकाश राज भी मौजूद रहे और संविधान तथा लोकतंत्र को बचाने का संकल्प लिया गया।
रैली में दिपके ने बीजेपी के साथ कांग्रेस और अन्य विपक्ष को भी निशाने पर लिया। उन्होंने आरोप लगाया कि सभी ने आंबेडकर को एक समुदाय तक सीमित कद दिया। दिपके ने कहा कि जय भीम पूरे देश का नारा होना चाहिए।
