अडानी पावर लिमिटेड ने बिहार के भागलपुर जिले के पीरपैंती में 2400 मेगावाट क्षमता का तापीय बिजली घर लगाने का प्रस्ताव दिया है। कंपनी ने तापीय विद्युत परियोजनाओं के विकास के लिए 400 एकड़ जमीन आवंटित करने की आवश्यकता भी जताई है। इसके अलावा पहले से अधिग्रहित भूमि के भीतर सीमेंट पिसाई यूनिट स्थापित करने का प्रस्ताव भी रखा गया है।

ऊर्जा विभाग के उप सचिव राज किशोर लाल ने 25 नवंबर को इस संबंध में पत्र जारी किया है। पत्र के अनुसार, 30 नवंबर को अपराह्न पांच बजे मुख्य सचिव की अध्यक्षता में मुख्य सचिवालय स्थित सभा कक्ष में बैठक होगी, जिसमें अडानी पावर लिमिटेड से प्राप्त प्रस्तावों के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की जाएगी। बैठक में पीरपैंती से जुड़े प्रस्ताव पर विशेष रूप से विचार किया जाना है। भूमि की उपलब्धता, आवंटन और परियोजना से जुड़े अन्य पहलुओं पर भी चर्चा होने की संभावना है।

बैठक में वित्त विभाग के प्रधान सचिव, राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के सचिव, विधि विभाग के सचिव-सह-विधि परामर्शी, भागलपुर के जिलाधिकारी और बिहार स्टेट पावर जेनरेशन कंपनी लिमिटेड के प्रबंध निदेशक को शामिल होने के लिए पत्र भेजा गया है। ऊर्जा विभाग के प्रधान सचिव को भी आवश्यक कार्रवाई के लिए पत्र की प्रतिलिपि भेजी गई है। बिहार स्टेट पावर जेनरेशन कंपनी लिमिटेड के मुख्य अभियंता को संबंधित प्रस्तावों पर प्रस्तुतीकरण तैयार कर विभाग को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है, ताकि बैठक में परियोजना के तकनीकी और अन्य पहलुओं पर चर्चा की जा सके।

फिलहाल दोनों प्रस्तावों पर विचार होना है। बैठक के बाद ही परियोजना की आगे की प्रक्रिया और सरकार के निर्णय की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। प्रस्ताव आगे बढ़ता है तो पीरपैंती में बड़े औद्योगिक निवेश की संभावनाएं बन सकती हैं।