डिजिटलाइजेशन के बाद निवेश के विकल्प काफी बढ़ गए हैं, जिनमें म्यूचुअल फंड भी शामिल है। ARK प्राइमरी एडवाइजर्स प्राइवेट लिमिटेड के डायरेक्टर विकास अग्रवाल के मुताबिक, निवेश से जुड़े सभी उत्पादों को समझना जरूरी है, क्योंकि हर उत्पाद का अपना स्वभाव होता है और वह निवेशक की जोखिम लेने की क्षमता के आधार पर बनाया गया है। जो लोग जोखिम नहीं लेना चाहते, वे फिक्स डिपॉजिट यानी FD जैसे विकल्प चुनते हैं, जबकि जोखिम लेने की क्षमता बढ़ने पर निवेशक डेट फंड से इक्विटी की ओर बढ़ते हैं।
म्यूचुअल फंड एक पूल इन्वेस्टमेंट का साधन है, जिसमें कई निवेशकों से पैसे लेकर मार्केट में शेयर या यूनिट खरीदे जाते हैं। निवेशक SIP के जरिए किसी खास फंड में पैसा जमा करते हैं, जिसे एक प्रोफेशनल फंड मैनेजर मैनेज करता है और निवेश के सारे फैसले उसी के नेतृत्व में लिए जाते हैं। विकास अग्रवाल कहते हैं कि जिसके पास हर महीने कुछ राशि बचती है और वह उसे किसी प्रोफेशनल फाइनेंशियल एक्सपर्ट द्वारा मैनेज किए जाने वाले कंपनी के शेयरों में लगाना चाहता है, म्यूचुअल फंड ऐसे ही लोगों के लिए है।
नए निवेशक को सबसे पहले अपनी जोखिम लेने की क्षमता समझनी चाहिए। इसके बाद यह तय करना चाहिए कि कितने समय के लिए और कितना पैसा लगाना है। अग्रवाल के मुताबिक, सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि निवेश से पहले एमरजेंसी फंड जरूर रखें, जो लिक्विड हो यानी कभी भी निकाला जा सके। SIP महीने की इनकम साइकिल में आसानी से फिट हो जाता है और लॉन्ग टर्म में पैसा बढ़ाने में मदद करता है। इसलिए शादी, शिक्षा, विदेश यात्रा और रिटायरमेंट जैसे लक्ष्यों की योजना बनाकर नियमित रूप से SIP शुरू करना चाहिए, और इसके लिए सबसे पहले सेविंग करना जरूरी है।
विकास अग्रवाल कहते हैं कि जब इनकम बढ़ती है तो खर्चे भी बढ़ते हैं, लेकिन सेविंग क्यों नहीं बढ़ती। नौकरी के दौरान विदेश में ट्रैवल, रेस्टोरेंट में खाना, अस्पताल में अच्छा इलाज, बच्चों की शिक्षा और उनकी शादी जैसे खर्च होते हैं, लेकिन रिटायरमेंट के बाद अपने खर्चे कौन वहन करेगा और आप किस पर निर्भर होंगे, यह सोचना जरूरी है। इसलिए अभी से रिटायरमेंट प्लान होना चाहिए। इसके लिए नेशनल पेंशन स्कीम और म्यूचुअल फंड में कुछ प्रोडक्ट्स हैं, जिनका स्वभाव निवेशक की क्षमता और जरूरत के हिसाब से तैयार किया गया है।
