भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के गवर्नर संजय मल्होत्रा ने शुक्रवार को देश की मैन्युफैक्चरिंग व्यवस्था और आर्थिक विकास में सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (MSME) की भूमिका को अहम बताया है। उन्होंने कहा कि छोटे कारोबारों के लिए वित्तीय मदद और कर्ज हासिल करना आसान बनाने की जरूरत है।

RBI के एक कार्यक्रम के दौरान मल्होत्रा ने कहा कि MSME देश की वैल्यू चेन का अभिन्न हिस्सा हैं और बड़े उद्योगों की कार्यक्षमता तथा प्रतिस्पर्धा बढ़ाने में सीधे योगदान देते हैं। उन्होंने कहा कि छोटे कारोबार मैन्युफैक्चरिंग व्यवस्था को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं, हालांकि पहली बार कारोबार शुरू करने वाले उद्यमियों को शुरुआत में कई तरह के जोखिमों का सामना करना पड़ता है। उनके मुताबिक MSME सेक्टर सिर्फ सरकार की प्राथमिकता वाला क्षेत्र नहीं, बल्कि भारत के आर्थिक बदलाव का केंद्रीय हिस्सा है।

गवर्नर ने कहा कि आत्मनिर्भरता और आर्थिक मजबूती की दिशा में भारत की यात्रा में MSME की अहम भूमिका है। छोटे उद्यम मैन्युफैक्चरर, सप्लायर, सर्विस प्रोवाइडर और टेक्नोलॉजी पार्टनर के रूप में भी काम कर सकते हैं। उन्होंने इलेक्ट्रॉनिक्स सेक्टर को उन क्षेत्रों में शामिल किया, जहां MSME के लिए कारोबार के बड़े अवसर मौजूद हैं, और कहा कि श्रम आधारित उद्योगों को भी बढ़ते व्यापारिक अवसरों से फायदा मिल सकता है। उनके अनुसार कम कीमत पर अच्छी गुणवत्ता वाला कच्चा माल और अन्य जरूरी इनपुट उपलब्ध होने से MSME की उत्पादकता बढ़ाई जा सकती है।

मल्होत्रा ने वित्तीय समावेशन के महत्व पर भी जोर दिया और कहा कि देश की वित्तीय व्यवस्था में ज्यादा से ज्यादा लोगों और छोटे कारोबारों को जोड़ना प्रमुख प्राथमिकता है। इसके लिए सूक्ष्म उद्यमों पर विशेष ध्यान देने और छोटे कारोबारों के लिए कर्ज तक पहुंच आसान बनाने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि वित्तीय संस्थानों को सूक्ष्म और छोटे कारोबारों को कर्ज देने में अपना सहयोग मजबूत करना चाहिए, ताकि आसानी से वित्तीय मदद मिलने पर छोटे उद्यम अपना कारोबार बढ़ा सकें और अपनी व्यावसायिक क्षमता का बेहतर इस्तेमाल कर सकें।