जर्मनी की ऑटोमोटिव पार्ट्स कंपनी MAHLE ने कार निर्माता कंपनियों के लिए एक नया Park & Charge पायलट प्रोजेक्ट पेश किया है। यह तकनीक ऑटोनॉमस पार्किंग और कॉन्टैक्ट-फ्री वायरलेस चार्जिंग को एक साथ जोड़ती है, जिससे ड्राइवर को न गाड़ी पार्क करनी होगी और न चार्जिंग केबल लगानी होगी। कंपनी फिलहाल इस पर काम कर रही है।

इस सिस्टम में कार में पहले से लगे कैमरों और AI-बेस्ड एल्गोरिदम की मदद से कंपैटिबल वायरलेस चार्जिंग स्पॉट की पहचान हो जाती है। इसे किसी अतिरिक्त सेंसर की जरूरत नहीं होती। चार्जिंग स्पॉट मिलते ही कार खुद चलकर जमीन पर लगे चार्जिंग पैड के ठीक ऊपर सही पोजीशन में पार्क हो जाती है। इसके लिए डिफरेंशियल इंडक्टिव पोजीशनिंग सिस्टम (DIPS) का इस्तेमाल किया गया है, जिसे दो साल पहले SAE इंटरनेशनल ने ग्लोबल इंडस्ट्री स्टैंडर्ड घोषित किया था।

MAHLE का यह वायरलेस चार्जिंग सिस्टम रियल-वर्ल्ड कंडीशंस में 92% से ज्यादा एफिशिएंसी के साथ 11 kW तक की कॉन्टैक्टलेस चार्जिंग को सपोर्ट करता है। यह बायडायरेक्शनल चार्जिंग को भी सपोर्ट करता है, जिससे जरूरत पड़ने पर कार की बैटरी से घर या पावर ग्रिड को वापस बिजली सप्लाई की जा सकती है। इसका सबसे ज्यादा फायदा निजी इलेक्ट्रिक कार मालिकों के अलावा कार रेंटल कंपनियों, लॉजिस्टिक्स और डिलीवरी फ्लीट ऑपरेटर्स को मिल सकता है, जहां गाड़ियों को बिना इंसानी ड्राइवरों के पार्क और चार्ज किया जा सकता है।

इस तकनीक के डेवलपमेंट और वैलिडेशन के लिए MAHLE ने जर्मनी के स्टटगार्ट में अपने एक पुराने पेट्रोल-डीजल इंजन टेस्ट सेल को 30 kW क्षमता वाले वायरलेस चार्जिंग टेस्ट बेंच में बदल दिया है। फिलहाल इस तकनीक की टेस्टिंग हो रही है। MAHLE वर्तमान में BMW ग्रुप के साथ मिलकर एक BMW iX3 इलेक्ट्रिक एसयूवी में इस टेक्नोलॉजी की टेस्टिंग कर रही है।