शुक्रवार, 27 नवंबर को शेयर बाजार में डिफेंस सेक्टर के शेयरों में जोरदार खरीदारी देखी गई। कारोबार के दौरान कई डिफेंस शेयरों में 3 से 17 फीसदी तक की तेजी दर्ज की गई। सरकारी कंपनी BEML सबसे आगे रही, जिसका शेयर करीब 17 फीसदी उछलकर 2,378 रुपये पर पहुंच गया। यह इसका 52 हफ्तों का नया उच्च स्तर है। सोलर इंडस्ट्रीज में 6 फीसदी से ज्यादा की बढ़त रही, जबकि पारस डिफेंस, भारत डायनेमिक्स (BDL) और हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड (HAL) के शेयर 3 से 6 फीसदी तक मजबूत हुए। भारत इलेक्ट्रॉनिक्स (BEL) में करीब 2 फीसदी की तेजी आई।
सेक्टर के इस रुख का असर Nifty India Defence इंडेक्स पर भी दिखा, जो करीब 4 फीसदी चढ़ गया। इंडेक्स में शामिल सभी 22 कंपनियों के शेयर हरे निशान में बंद हुए। लगातार तीसरे कारोबारी सत्र में डिफेंस इंडेक्स में तेजी जारी रही और इस दौरान इसमें 5 फीसदी से ज्यादा की बढ़त दर्ज हुई।
तेजी की एक बड़ी वजह रक्षा मंत्रालय की रक्षा पूंजीगत खर्च बढ़ाने की तैयारी है। रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह के मुताबिक, मंत्रालय वित्त वर्ष 2027-28 के लिए रक्षा पूंजीगत खर्च में 20 फीसदी की बढ़ोतरी की मांग कर रहा है, जिससे डिफेंस कंपनियों को नए ऑर्डर मिलने की संभावनाएं बढ़ सकती हैं। निवेशकों की नजर एडवांस्ड मीडियम कॉम्बैट एयरक्राफ्ट (AMCA) प्रोग्राम पर भी है। रक्षा सचिव के अनुसार, इस प्रोग्राम के विजेता का ऐलान करीब एक महीने के भीतर किया जा सकता है। इस प्रोजेक्ट के लिए L&T-BEL-BDL, भारत फोर्ज-BEML-डेटा पैटर्न्स और टाटा एडवांस्ड सिस्टम्स के तीन प्राइवेट सेक्टर कंसोर्टियम प्रतिस्पर्धा में हैं।
HAL के शेयरों की तेजी में एक ब्रोकरेज रिपोर्ट का भी हाथ रहा। ब्रोकरेज ने कंपनी के शेयर पर Buy रेटिंग बरकरार रखते हुए टारगेट प्राइस 6,000 रुपये से बढ़ाकर 6,270 रुपये कर दिया है। यह नया टारगेट पिछले बंद भाव के मुकाबले करीब 28 फीसदी की संभावित तेजी का संकेत देता है।
