लखनऊ में सराफा कारोबारी से सोना लूटने की घटना में जौनपुर के लाइनबाजार थाने में तैनात सिपाही विनय शंकर को मुख्य साजिशकर्ता मानते हुए तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। जौनपुर के पुलिस अधीक्षक यशवीर सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सिपाही की संलिप्तता सामने आई है और उसके खिलाफ विस्तृत विभागीय जांच भी शुरू की गई है।

लखनऊ पुलिस की जांच के अनुसार, आरोपित सिपाही ने अपने कुछ आपराधिक साथियों के साथ मिलकर लूट की साजिश रची थी। उसे कारोबारी महेंद्र दास के भारी मात्रा में सोना लेकर लखनऊ जाने की जानकारी मिली थी, जिसके बाद उसने कारोबारी के रूट और आवागमन की सूचना गिरोह के सदस्यों तक पहुंचाई।

पुलिस के मुताबिक, सिपाही से मिली जानकारी के आधार पर बदमाशों ने लखनऊ में खुद को पुलिसकर्मी बताकर सराफा कारोबारी को रोका और चेकिंग के बहाने उनके पास मौजूद सोना लूटकर फरार हो गए। सीसीटीवी फुटेज और सर्विलांस की मदद से जांच आगे बढ़ी, जिसके बाद शक जौनपुर में तैनात सिपाही पर जाकर टिका।

एसपी यशवीर सिंह ने कहा कि अनुशासनहीनता और आपराधिक गतिविधियों में शामिल होने के आरोप में सिपाही को निलंबित किया गया है और जांच रिपोर्ट के आधार पर बर्खास्तगी समेत अन्य कठोर कार्रवाई की जाएगी। इधर, लखनऊ पुलिस की टीमें गिरोह के अन्य फरार आरोपितों की गिरफ्तारी और लूटे गए सोने की बरामदगी के लिए लगातार दबिश दे रही हैं।