बसपा के राष्ट्रीय संयोजक आकाश आनंद 22 नवंबर को आगरा के एत्मादपुर में जनसभा करेंगे। बसपा कार्यकर्ता इस जनसभा की तैयारियों में जुटे हैं। मॉडल स्कूल, एत्मादपुर में जनसभा के लिए पंडाल तैयार कराया गया है। एत्मादपुर विधानसभा क्षेत्र से बड़ी संख्या में युवाओं की भीड़ जुटाने की तैयारी की जा रही है।
बसपा के जिलाध्यक्ष विमल वर्मा ने बताया कि बूथ और सेक्टर स्तर पर बैठकें आयोजित की जा रही हैं। यूपी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर इस जनसभा को अहम माना जा रहा है। आगरा को दलितों की राजधानी कहा जाता है, और यहां से चुनावी अभियान को नई ऊर्जा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। बसपा कार्यकर्ताओं में आकाश आनंद को सुनने की ललक बताई जा रही है।
इससे पहले भाजपा ने मथुरा और समाजवादी पार्टी ने आगरा से चुनावी अभियान की शुरुआत की है। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने पिछले सप्ताह आगरा में जनसभा की थी, जबकि भाजपा ने मथुरा में दो दिन तक चुनावी तैयारियों पर मंथन किया था।
