प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बिहार के वैशाली दौरे के दौरान औरंगाबाद जिले को विकास परियोजनाओं की सौगात मिली। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए जिले में स्वास्थ्य, श्रम एवं ऊर्जा क्षेत्र से जुड़ी सात योजनाओं का उद्घाटन किया गया, जिन पर कुल 70.02 करोड़ रुपये खर्च हुए हैं। साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत 313 लाभुकों को उनके पक्के घर की चाबियां प्रदान की गईं।
स्वास्थ्य विभाग की तीन परियोजनाओं का लोकार्पण हुआ। इनमें 13.73 करोड़ रुपये की लागत से बना नबीनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, 5.75 करोड़ रुपये की लागत से बना कुटुंबा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और 1.16 करोड़ रुपये की लागत से कथरुआ स्थित शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र शामिल है। इन केंद्रों के शुरू होने से ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों की स्वास्थ्य संरचना मजबूत होगी और लोगों को स्थानीय स्तर पर बेहतर इलाज मिल सकेगा।
श्रम विभाग के तहत 5.88 करोड़ रुपये की लागत से बने संयुक्त श्रम भवन का उद्घाटन किया गया। ऊर्जा विभाग के अंतर्गत 9.67 करोड़ रुपये की लागत से नवनिर्मित 33/11 केवी, 2×10 एमवीए क्षमता के विद्युत शक्ति उपकेंद्र और 32.01 करोड़ रुपये की लागत से आरडीएसएस लॉस रिडक्शन परियोजना से संबंधित कार्यों का उद्घाटन हुआ। इन योजनाओं पर कुल 62.20 करोड़ रुपये खर्च हुए हैं।
जिले में स्वास्थ्य, श्रम, आवास और ऊर्जा जैसे क्षेत्रों में इन योजनाओं के शुभारंभ से विकास को नई गति मिलेगी। जरूरतमंद परिवारों को पक्का घर मिलने से आवासीय सुरक्षा मिली है, वहीं बिजली आपूर्ति और स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार से आम नागरिकों के दैनिक जीवन में सकारात्मक बदलाव आएगा।
