क्रिकेटर युजवेंद्र चहल ने शनिवार को भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। पार्टी की नई राष्ट्रीय OBC मोर्चा कार्यकारिणी में उन्हें स्पेशल इनवाइटी बनाया गया है। यूपी से राज्यसभा सदस्य और OBC मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमरपाल मौर्य ने उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाई।
स्पेशल इनवाइटी का अर्थ है वे नेता जो कार्यसमिति के स्थायी सदस्य नहीं होते, लेकिन उनका नाम विशेष सूची में दर्ज होता है। ऐसे सदस्य बैठक में बैठ सकते हैं, बोल सकते हैं और सुझाव दे सकते हैं, लेकिन आमतौर पर पार्टी के भीतरी चुनावों में उन्हें वोटिंग का अधिकार नहीं होता। राष्ट्रीय OBC मोर्चा में 7 उपाध्यक्ष और 37 सदस्य हैं।
इससे छह दिन पहले भाजपा ने एक अन्य पूर्व क्रिकेटर हरभजन सिंह को पंजाब विधानसभा चुनाव में अहम जिम्मेदारी सौंपी थी। 15 नवंबर को राघव चड्ढा और हरभजन सिंह को प्रदेश मेनिफेस्टो कमेटी में शामिल किया गया था, जो चुनाव के लिए पार्टी का घोषणा पत्र और विजन डॉक्यूमेंट तैयार करेगी। इसी साल अप्रैल में राघव चड्ढा और हरभजन सिंह समेत आम आदमी पार्टी के कई राज्यसभा सांसद भाजपा में शामिल हुए थे।
चहल ने इसी साल 2 अक्टूबर को फर्स्ट क्लास क्रिकेट से संन्यास की घोषणा इंस्टाग्राम पोस्ट के जरिए की थी। उन्होंने साफ किया था कि वे वनडे और टी-20 क्रिकेट खेलना जारी रखेंगे। फर्स्ट क्लास क्रिकेट रेड बॉल से खेला जाता है। चहल का जन्म 23 जुलाई 1990 को जींद, हरियाणा में हुआ। बचपन में वे शतरंज खेलते थे और अंडर-12 नेशनल चैंपियन बने। 2003 में ग्रीस में वर्ल्ड यूथ चेस चैंपियनशिप में भारत का प्रतिनिधित्व किया, लेकिन आर्थिक दिक्कतों के चलते शतरंज छोड़कर क्रिकेट चुना। 2009 में हरियाणा से फर्स्ट क्लास डेब्यू किया और 2011 में मुंबई इंडियंस से IPL करियर शुरू किया। 2014 से RCB में उन्हें पहचान मिली। 2016 में इंटरनेशनल डेब्यू के बाद 2017 में इंग्लैंड के खिलाफ 25 रन देकर 6 विकेट लिए। वे 2024 टी-20 वर्ल्ड कप विजेता टीम का हिस्सा रहे और IPL में 200 विकेट पूरे करने वाले पहले गेंदबाज बने।
