जयपुर। राजस्थान के पंचायत चुनावों में कांग्रेस ने शानदार प्रदर्शन किया है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के गृह जिले और विधानसभा क्षेत्र से लेकर केंद्र सरकार के तीन मंत्रियों, राज्य सरकार के 17 मंत्रियों और भाजपा के 30 विधायकों के क्षेत्रों में कांग्रेस को बढ़त मिली है। पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के गृह क्षेत्र झालावाड़ में भाजपा और कांग्रेस बराबरी पर रहीं।
गुरुवार देर रात दो बजे तक घोषित परिणामों के बाद शुक्रवार को मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाने के लिए प्रदेश कार्यालय पहुंचे। यहां उन्होंने प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ के साथ हार के कारणों पर चर्चा की। दूसरी ओर, कांग्रेस ने इस जीत को वर्ष 2028 के विधानसभा चुनाव तक बरकरार रखने की रणनीति पर काम शुरू कर दिया है।
केंद्रीय विधि मंत्री अर्जुन राम मेघवाल के निर्वाचन क्षेत्र बीकानेर और पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत के क्षेत्र जोधपुर में भाजपा को 41-41 वार्डों में से महज आठ-आठ में जीत मिली। केंद्रीय वन एवं पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव के निर्वाचन क्षेत्र अलवर में 39 में से केवल चार वार्डों में भाजपा प्रत्याशी जीते। मुख्यमंत्री के गृह जिले भरतपुर में भी 31 वार्डों में से भाजपा को आठ में ही जीत मिली। स्वायत्त शासन मंत्री झाबर सिंह खर्रा के तीन स्वजन चुनाव हार गए। उपमुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा के निर्वाचन क्षेत्र में भाजपा तीसरे स्थान पर रही, जबकि चिकित्सा मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर के निर्वाचन क्षेत्र लोहावट में पार्टी अपना खाता भी नहीं खोल सकी। कृषि मंत्री किरोड़ीलाल मीणा, विधि मंत्री जोगाराम कुमावत, जलदाय मंत्री कन्हैयालाल, सहकारिता मंत्री गौतम दक, जनजाति मंत्री बाबूलाल खराड़ी, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री अविनाश गहलोत, खाद्य मंत्री सुमित गोदारा, जल संसाधन मंत्री सुरेश रावत और गृह राज्यमंत्री जवाहर सिंह बेढ़म सहित प्रदेश सरकार के कुल 17 मंत्रियों के क्षेत्रों में भाजपा को हार का सामना करना पड़ा।
राज्य की 41 जिला परिषदों में से 37 के परिणाम घोषित हो चुके हैं। इनमें कांग्रेस ने 23, भाजपा ने पांच और राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी ने एक जिला परिषद में जीत दर्ज की है। आठ जिला परिषदों में किसी भी दल को स्पष्ट बहुमत नहीं मिला है। शेष पांच जिला परिषदों के परिणाम 23 नवंबर को घोषित होंगे। पंचायत समितियों के चुनाव में भी कांग्रेस ने भाजपा पर बड़ी बढ़त बनाई है। कांग्रेस ने 229, भाजपा ने 51, राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी ने 14 और भारत आदिवासी पार्टी ने 11 पंचायत समितियों में जीत दर्ज की है।
