प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शनिवार को नीतीश सेतु के लोकार्पण के बाद सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि यह वीडियो राघोपुर स्थित नीतीश सेतु का है, जिसमें कुछ युवा हाथ में राजद का झंडा लेकर तेजस्वी यादव और लालू यादव जिंदाबाद के नारे लगाते नजर आ रहे हैं। वीडियो में युवाओं द्वारा पुल पर लगे फ्लेक्स-बैनर नोचे जाने का दावा किया जा रहा है। कहा जा रहा है कि पुल पर लगे एनडीए नेताओं के पोस्टर-बैनर युवाओं ने फाड़े।

जानकारी के अनुसार, प्रधानमंत्री के लोकार्पण कार्यक्रम के बाद कुछ युवा पुल पर पहुंचे थे। युवाओं के जुटने और हंगामे की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और उन्हें वहां से हटाया। इस दौरान मौजूद लोगों ने पूरी घटना का मोबाइल में वीडियो बना लिया, जो बाद में इंटरनेट मीडिया पर तेजी से प्रसारित होने लगा।

वायरल वीडियो को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। कुछ लोग सवाल उठा रहे हैं कि लोकार्पण के बाद राजद का झंडा लेकर पोस्टर-बैनर फाड़ना और नारेबाजी करना कहां तक सही है। वहीं कुछ इसे युवाओं का विरोध प्रदर्शन बता रहे हैं, तो कुछ इसे राजनीतिक स्टंट करार दे रहे हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार विरोध का तरीका अलग-अलग होता है, लेकिन इस तरह का विरोध कहां तक जायज है, इस पर भी बहस छिड़ी है।