आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर बेहटा मुजावर क्षेत्र में शुक्रवार तड़के यूपीडा की पेट्रोलिंग टीम के वाहन को एक तेज रफ्तार लोडर ने पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में पेट्रोलिंग टीम के चार सदस्य और लोडर चालक घायल हो गए। सभी घायलों को औरास सीएचसी में भर्ती कराया गया, जहां से उन्हें ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया।

जानकारी के अनुसार, पेट्रोलिंग टीम सुबह लगभग साढ़े चार बजे आगरा-लखनऊ और गंगा एक्सप्रेसवे के इंटरचेंज के पास खड़े वाहनों को हटवाकर आगे बढ़ रही थी। इसी दौरान आगरा की ओर से टमाटर लादकर लखनऊ जा रहे लोडर ने पेट्रोलिंग वाहन में पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर के बाद वाहन अनियंत्रित होकर पार्किंग लेन से दो लेन पार कर ओवरटेकिंग लेन में जा पहुंचा।

घायलों में पेट्रोलिंग टीम के चालक धनपाल, हेमनाथ, महेश और सज्जाद तथा लोडर चालक राकेश शामिल हैं। सूचना पर पहुंची टीम ने सभी घायलों को औरास सीएचसी में भर्ती कराया, जहां से उन्हें ट्रामा सेंटर रेफर किया गया है।

बेहटा मुजावर थाना प्रभारी राजकुमार ने बताया कि टक्कर मारने वाले वाहन चालक के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा बेहटा मुजावर क्षेत्र के हरईपुर गांव निवासी 48 वर्षीय मोहनलाल ई-रिक्शा पलटने से घायल हो गए। वह कोल्ड स्टोर से आलू की बोरियां लादकर घर लौट रहे थे, तभी नसिरापुर गांव के निकट ई-रिक्शा असंतुलित होकर पलट गया और वह उसके नीचे दब गए। उन्हें बांगरमऊ सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर रेफर कर दिया गया।