कैंसर के इलाज में छोटे शहरों और गांवों के मरीजों को बेहतर सुविधा देने की दिशा में टेक्नोलॉजी कंपनी अर्बुदा USA काम कर रही है। कंपनी के को-फाउंडर विवेक देशपांडे के मुताबिक, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी AI की मदद से छोटे अस्पतालों के डॉक्टरों तक कैंसर के इलाज से जुड़ी जानकारी, विशेषज्ञों की सलाह और नई रिसर्च पहुंचाई जा सकेगी। वे साफ करते हैं कि AI डॉक्टरों की मदद करेगा, उनकी जगह नहीं लेगा।
कंपनी AI के जरिए डॉक्टरों को इलाज से जुड़े फैसले लेने में सहायता देने वाली तकनीक पर काम कर रही है। इसके तहत पांच तरह की सुविधाएं विकसित करने की योजना है। हालांकि, ये सुविधाएं अभी शुरुआती योजना और प्रूफ ऑफ कॉन्सेप्ट के स्तर पर हैं और इन्हें पूरी तरह जांचे-परखे मेडिकल गाइडेंस सिस्टम के रूप में लागू नहीं किया गया है। इसके लिए मेडिकल जांच, डेटा की सुरक्षा और डॉक्टरों की निगरानी जरूरी होगी।
अर्बुदा USA के मुताबिक, कंपनी ऐसे मॉडल पर काम कर रही है जिसमें मरीजों और इलाज कर रहे डॉक्टरों को अमेरिका के बड़े कैंसर संस्थानों में काम कर चुके विशेषज्ञों सहित अनुभवी ऑन्कोलॉजिस्ट से जोड़ा जा सके। इस मॉडल में अमेरिका और भारत के मेडिकल विशेषज्ञों को जोड़ने पर जोर है। छोटे शहरों में मौजूद डॉक्टर जटिल कैंसर केस को ऑनलाइन दूसरे देशों के विशेषज्ञों के सामने रख सकेगा। विशेषज्ञ इलाज के विकल्प सुझाएंगे और जरूरत होने पर मरीज को बड़े अस्पताल जाने की सलाह दे सकेंगे।
विवेक देशपांडे का कहना है कि हर छोटे शहर में विश्वस्तरीय कैंसर अस्पताल बनाना जरूरी नहीं है। जरूरत इस बात की है कि वहां के डॉक्टरों को भी बड़े संस्थानों जैसी मेडिकल जानकारी और विशेषज्ञों की सलाह मिल सके। उनके मुताबिक, AI से अस्पतालों में जरूरी उपकरणों, विशेषज्ञ कर्मचारियों, दवाओं और मरीजों की प्रत्यक्ष देखभाल की जरूरत खत्म नहीं होगी। इसका मकसद डॉक्टरों का काम आसान करना और मरीजों तक बेहतर मेडिकल जानकारी पहुंचाना है।
