हरिद्वार नगर निगम अर्धकुंभ मेले में सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए तकनीक का सहारा लेगा। नगर निगम ने सफाई निगरानी प्रणाली के विकास और संचालन के लिए कार्यदायी संस्था के चयन की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस व्यवस्था में वेब पोर्टल, मोबाइल एप, जियो टैगिंग और कूड़ा उठाने वाले वाहनों की ट्रैकिंग की सुविधा शामिल होगी, जिससे सफाई कार्यों की निगरानी एक ही डिजिटल प्लेटफार्म पर की जा सकेगी।
योजना के तहत सफाई व्यवस्था से जुड़े संसाधनों और कार्यों की निगरानी के लिए 10 हजार वाटरप्रूफ क्यूआर कोड तैयार किए जाएंगे। प्रत्येक क्यूआर कोड की अलग पहचान होगी और इन्हें संबंधित संसाधनों से जोड़कर डिजिटल व्यवस्था में दर्ज किया जाएगा। क्यूआर कोड स्कैन कर कोई भी मोबाइल एप के जरिये बता सकेगा कि शौचालय साफ है या गंदा, पानी उपलब्ध है या नहीं और किस क्षेत्र में कूड़ा नहीं उठा है। यह जानकारी कंट्रोल रूम तक पहुंचेगी और गंदगी मिलने पर संबंधित सफाई एजेंसी को सूचना भेजी जाएगी।
नगर निगम का उद्देश्य सफाई व्यवस्था को केवल कर्मचारियों की रिपोर्ट तक सीमित रखने के बजाय उसकी वास्तविक स्थिति पर नजर रखना है। मेला क्षेत्र में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने से कूड़े की मात्रा बढ़ेगी, ऐसे में सफाई कर्मचारियों, वाहनों और शिकायतों की निगरानी के लिए व्यवस्थित प्रणाली की जरूरत होगी। प्रयागराज महाकुंभ में क्यूआर कोड और मोबाइल एप के जरिये शौचालयों की सफाई की निगरानी की गई थी। हरिद्वार के टेंडर में दायरा शौचालयों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि वाहनों की ट्रैकिंग और डिजिटल प्लेटफार्म के संचालन का भी प्रविधान है।
सूचनाओं के आदान-प्रदान के लिए भी डिजिटल माध्यमों का इस्तेमाल होगा। चार महीने के लिए बल्क एसएमएस भेजने की व्यवस्था रहेगी, साथ ही ईमेल सुविधा और व्हाट्सएप इंटीग्रेशन किया जाएगा। व्हाट्सएप के माध्यम से प्रतिमाह 10 हजार संदेश भेजने की व्यवस्था रखी गई है, जिससे सफाई से जुड़ी सूचनाएं और शिकायतें संबंधित अधिकारियों तथा कर्मचारियों तक तेजी से पहुंचाई जा सकेंगी।
