गेमिंग जगत में Grand Theft Auto VI को लेकर उत्साह के बीच लग्जरी कस्टमाइजेशन ब्रांड Caviar ने 'Most Wanted' नाम से एक खास कलेक्शन लॉन्च किया है। इस कलेक्शन में Apple iPhone 18 Pro, फोल्डेबल iPhone Duo, Samsung Galaxy Z Fold 8 Ultra और Ray-Ban Meta स्मार्ट ग्लास जैसे डिवाइस शामिल हैं। कंपनी ने इन डिवाइस को Miami और गेम के काल्पनिक शहर Vice City की थीम पर डिजाइन किया है। इनकी कीमत 11.7 लाख रुपये तक जाती है और हर डिजाइन की केवल 19 यूनिट ही बनाई जाएंगी।

कलेक्शन का सबसे महंगा मॉडल Pink Alligator है, जो कस्टमाइज्ड iPhone Duo है। इसकी कीमत 13,130 डॉलर यानी करीब 11.7 लाख रुपये बताई गई है। इसमें पिंक क्रोकोडाइल लेदर फिनिश के साथ एयरोस्पेस-ग्रेड टाइटेनियम फ्रेम दिया गया है। फोन के पिछले हिस्से पर छह सितारों वाला लोगो है, जो GTA गेम के वॉन्टेड लेवल सिस्टम से प्रेरित है। Android यूजर्स के लिए Samsung Galaxy Z Fold 8 Ultra को Ocean Drive एडिशन में पेश किया गया है, जिसकी कीमत 11,560 डॉलर यानी करीब 10.3 लाख रुपये है। इसमें टाइटेनियम बॉडी पर 24 कैरेट गोल्ड प्लेटिंग और Miami के South Beach एरिया की Art Deco आर्किटेक्चर से प्रेरित ज्योमेट्रिक पैटर्न है।

Caviar ने iPhone 18 Pro और Pro Max के लिए Neon Vice और Gangster एडिशन भी लॉन्च किए हैं। प्रो मॉडल की कीमत 11,130 डॉलर यानी करीब 9.9 लाख रुपये और प्रो मैक्स की कीमत 11,700 डॉलर यानी करीब 10.4 लाख रुपये है। दोनों मॉडल के पिछले हिस्से पर Beretta 92FS पिस्टल की मेटल स्कल्पचर दी गई है। Neon Vice में मैजेंटा और टर्कॉइज एनामेल फिनिश है, जबकि Gangster मॉडल में 24K गोल्ड प्लेटिंग और पाम लीफ की कर्विंग की गई है। उभरे मेटल डिजाइन के कारण इन फोन में वायरलेस चार्जिंग और MagSafe एक्सेसरीज सामान्य तरीके से काम नहीं करतीं।

कंपनी ने Ray-Ban Wayfarer Gen 2 स्मार्ट ग्लास को भी Sunset और Gold Rush एडिशन में लॉन्च किया है, जिनमें खास फ्रेम और गोल्ड डिटेलिंग है। कैमरा और ब्लूटूथ ऑडियो जैसे इंटरनल फीचर्स में कोई बदलाव नहीं किया गया है। Caviar के अनुसार, सभी डिवाइस के इंटरनल हार्डवेयर और स्पेसिफिकेशन स्टैंडर्ड मॉडल जैसे ही रहेंगे, यानी ग्राहक अतिरिक्त कीमत सिर्फ प्रीमियम मटीरियल, एक्सक्लूसिव डिजाइन और कस्टमाइजेशन के लिए देंगे। ये डिवाइस कंपनी की वेबसाइट से ऑर्डर किए जा सकते हैं।