वॉशिंगटन: अमेरिकी वायु सेना के F-22 प्रोग्राम ऑफिस ने कम से कम 256 मेगाबाइट क्षमता वाले PC कार्ड या कॉम्पैक्ट फ्लैश मेमोरी कार्ड की आपूर्ति के लिए कंपनियों से संपर्क शुरू किया है। जारी नोटिस में कंपनियों से 1 दिसंबर 2026 तक जवाब मांगा गया है। यह भी पूछा गया है कि ये कार्ड और उनके पुर्जे कहां बनते हैं, आपूर्तिकर्ता तक कैसे पहुंचते हैं और नकली उत्पादों को रोकने के लिए क्या कदम उठाए जाते हैं। ये कार्ड F-22 के डेटा ट्रांसफर कार्ट्रिज (DTC) का हिस्सा हैं, जो विमान के डेटा और मेंटेनेंस इंफ्रास्ट्रक्चर से जुड़ा है। रिपोर्ट के मुताबिक, ऐसे कार्ड अब पुराने हो चुके हैं और इन्हें खोजना चुनौती बन गया है।
मिलिट्री वॉच मैगजीन की एक रिपोर्ट के अनुसार, F-22 पांचवीं पीढ़ी का लड़ाकू विमान है, लेकिन इसके एवियोनिक्स और डिजाइन के कई पहलू F-35 तथा चीनी J-20 और J-35 की तुलना में पीछे हैं। रिपोर्ट में कहा गया है कि F-22 में हेलमेट माउंटेड साइट्स नहीं हैं, जो आमने-सामने की लड़ाई में बड़ी कमी मानी जाती है। विमान का पहला उड़ान 1990 में हुई थी, जो J-20 से 21 साल पहले की बात है। इसे लॉकहीड मार्टिन बनाती है और संवेदनशीलता के कारण यह सिर्फ अमेरिकी वायुसेना के बेड़े में है।
नेशनल इंटरेस्ट के हवाले से रिपोर्ट में कहा गया है कि F-22 स्टील्थ, करीबी लड़ाई में पैंतरेबाजी और हवाई वर्चस्व पर केंद्रित है, जबकि J-20 लंबी दूरी के इंटरसेप्शन, ज्यादा ईंधन क्षमता और लंबी मारक क्षमता वाली मिसाइलों पर। रिपोर्ट के मुताबिक, F-22 की कॉम्बैट रेंज लगभग 460–600 नॉटिकल मील है और इसका उत्पादन 200 से कम जेट के साथ बंद हो गया, जिनमें से करीब 183 अभी बेड़े में हैं। चीन का J-20 का उत्पादन जारी है और 300 से अधिक विमान बन चुके हैं।
रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि F-22 की उपलब्धता दर वायुसेना में सबसे खराब रही है और इसे आधुनिक बनाना महंगा तथा चुनौतीपूर्ण है। इसी कारण वायुसेना तय समय से कई दशक पहले इसे सेवा से हटाने की योजना बना रही है।