पूर्व भारतीय क्रिकेट कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने आईपीएल से संन्यास का ऐलान कर दिया है। चेन्नई सुपरकिंग्स का हिस्सा रहे धोनी ने इसके साथ क्रिकेट के हर प्रारूप से अलविदा कह दिया है। अपने संन्यास की घोषणा उन्होंने एक बार फिर महान गायक मुकेश के 50 साल पुराने सदाबहार गीत के साथ की है। इसके बाद यह गीत इंटरनेट पर खूब चर्चा में है।
धोनी ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम हैंडल पर इस गीत पर एक विशेष वीडियो साझा किया है, जिसमें उनके क्रिकेट करियर की यादें शामिल हैं। यह गीत है 'मैं पल दो पल का शायर हूं...', जो अमिताभ बच्चन की कल्ट क्लासिक फिल्म 'कभी कभी' से जुड़ा है। मुकेश की मधुर आवाज में गाया यह गाना बॉलीवुड का आइकॉनिक गीत माना जाता है। साल 1976 में रिलीज हुआ यह गाना अब एक बार फिर चर्चा में आ गया है।
यह पहला मौका नहीं है जब धोनी ने मुकेश के इस गीत के साथ संन्यास की घोषणा की हो। इससे पहले टीम इंडिया से संन्यास के दौरान भी उन्होंने ऐसा किया था। एक मीडिया इंटरव्यू में धोनी ने इस गीत को अपना पसंदीदा गाना बताया था। उन्होंने इस गीत को अपनी आवाज में गुनगुनाया भी था, जिससे साफ है कि मुकेश का यह गीत उनके दिल के बेहद करीब है।
