हरिद्वार में अर्धकंभ मेले के दौरान देश-विदेश से आने वाले करोड़ों श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए मेला प्रशासन तकनीक का सहारा लेगा। इसके तहत एक मोबाइल ऐप तैयार कराया जाएगा, जिसके जरिए श्रद्धालुओं को मेला क्षेत्र के प्रमुख घाटों, स्नान स्थलों, पार्किंग, आवागमन के रास्तों, ठहरने की व्यवस्था और जरूरी सुविधाओं की जानकारी एक ही जगह पर उपलब्ध हो सकेगी। मेले से जुड़ी सूचनाएं और जरूरी अलर्ट भी मोबाइल पर मुहैया कराने की योजना है। मेला प्रशासन ने एजेंसी चयन के लिए अनुरोध प्रस्ताव जारी किया है। चयनित एजेंसी को ऐप बनाने के साथ उसके संचालन, तकनीकी सहायता और रखरखाव की जिम्मेदारी भी निभानी होगी।

ऐप को मौजूदा अर्धकुंभ वेबसाइट और अन्य सरकारी व संबंधित डिजिटल प्रणालियों से जोड़ा जाएगा, जिससे अलग-अलग विभागों की ओर से दी जाने वाली जानकारियां एक ही प्लेटफॉर्म पर मिल सकें। इसे एंड्रॉयड और आईओएस दोनों सिस्टम के लिए तैयार करने का प्रविधान है। हिंदी और अंग्रेजी के साथ इसे बहुभाषी बनाने की योजना है, ताकि दूसरे राज्यों और विदेशों से आने वाले श्रद्धालुओं को इस्तेमाल में परेशानी न हो।

ऐप में श्रद्धालुओं के लिए कई उपयोगी सुविधाएं देने का प्रस्ताव है। इसमें प्रमुख स्नान पर्वों, धार्मिक आयोजनों और कार्यक्रमों की जानकारी मिलेगी। श्रद्धालु अपने स्थान के अनुसार आसपास के घाट, पार्किंग, सार्वजनिक सुविधाओं और अन्य जरूरी स्थानों की जानकारी प्राप्त कर सकेंगे। लोकेशन आधारित नेविगेशन से गंतव्य तक पहुंचने का रास्ता जानने में मदद मिलेगी। यात्रा और ठहरने से जुड़ी जानकारी, आपातकालीन सेवाओं के संपर्क, जरूरी घोषणाएं और अलर्ट भी ऐप से उपलब्ध कराए जाएंगे। मेला प्रशासन की ओर से महत्वपूर्ण सूचना जारी होने पर मोबाइल पर संदेश भेजने की व्यवस्था भी प्रस्तावित है, जिससे श्रद्धालुओं को अलग-अलग वेबसाइट या कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।

अर्धकुंभ में सबसे बड़ी चुनौती श्रद्धालुओं की भीड़ को व्यवस्थित करना और उन्हें सुरक्षित तरीके से घाटों तक पहुंचाना है। प्रमुख स्नान पर्वों पर प्रवेश मार्गों, पार्किंग स्थलों, रेलवे स्टेशन, बस अड्डों और गंगा घाटों पर दबाव बढ़ेगा। ऐसे में सही समय पर सही जानकारी मिलना जरूरी होगा। ऐप से पार्किंग, रास्तों और उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी मिलने पर श्रद्धालु अपनी यात्रा की बेहतर योजना बना सकेंगे। किसी मार्ग पर अधिक भीड़ या यातायात व्यवस्था में बदलाव की स्थिति में प्रशासन की ओर से सूचना दी जाएगी, जिससे मेला पुलिस और प्रशासन को भी फायदा मिलेगा और अनावश्यक आवाजाही कम करने में मदद मिलेगी।

अर्धकुंभ क्षेत्र के करीब 150 वर्ग किमी इलाके की जीआईएस आधारित मैपिंग की जा रही है। इसमें प्रमुख घाटों, पार्किंग स्थलों, रास्तों, प्रवेश और निकास बिंदुओं का डिजिटल डाटा तैयार किया जा रहा है। क्षेत्र को 32 सेक्टरों में बांटकर मैपिंग का काम हो रहा है, जिसका उद्देश्य भीड़ प्रबंधन और श्रद्धालुओं की आवाजाही को व्यवस्थित करना है। साथ ही डिजिटल खोया-पाया पोर्टल विकसित करने की भी योजना है। बड़े आयोजन में भीड़ के कारण लोग अक्सर अपने स्वजन से बिछड़ जाते हैं और बच्चों व बुजुर्गों को तलाशने में समय लग जाता है। डिजिटल व्यवस्था से बिछड़े लोगों और खोए सामान की जानकारी दर्ज करने तथा उन्हें तलाशने की प्रक्रिया आसान बनाने का प्रयास किया जाएगा। मोबाइल ऐप को इन डिजिटल व्यवस्थाओं से जोड़ने पर श्रद्धालुओं को एक ही जगह से कई तरह की सुविधाएं मिल सकेंगी।