मधुबनी जिले के बासोपट्टी प्रखंड में राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) की स्थापना की प्रक्रिया तेज हो गई है। वित्तीय वर्ष 2027-28 से संस्थान में छह ट्रेडों में प्रशिक्षण शुरू करने का निर्णय लिया गया है। इस पहल से स्थानीय युवाओं को हुनरमंद बनाकर रोजगार और स्वरोजगार के अवसर मिलने की उम्मीद जगी है।
प्रस्तावित आईटीआई में इलेक्ट्रीशियन, फिटर, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, फिजियोथेरेपी, वेल्डर और मैकेनिकल डीजल ट्रेड में तकनीकी प्रशिक्षण दिया जाएगा। संस्थान शुरू होने से क्षेत्र के युवाओं को तकनीकी शिक्षा के लिए दूसरे शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा, जिससे पलायन की समस्या पर भी लगाम लगने की उम्मीद है।
संस्थान की स्थापना के लिए चार से पांच एकड़ भूमि की आवश्यकता है, जो सबसे बड़ी चुनौती बनी हुई है। भूमि उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए बीडीओ अनिल कुमार और सीओ विकास कुमार संयुक्त रूप से संभावित स्थलों की तलाश कर रहे हैं। सीओ विकास कुमार ने बताया कि प्रखंड मुख्यालय के पास राम जानकी मठ से संबंधित जमीन देखी गई है, जिसकी जांच कर अभिलेख विभाग को भेजा जाएगा।
भूमि चयन के बाद हस्तांतरण, प्रशासनिक स्वीकृति और स्थायी भवन निर्माण में समय लगना तय है। ऐसे में नए सत्र से नामांकन शुरू कराने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था तलाशने की तैयारी की जा रही है। पूर्व के अनुभवों को देखते हुए यह सुनिश्चित करना होगा कि वैकल्पिक व्यवस्था केवल नामांकन तक सीमित न रहे, बल्कि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण के लिए जरूरी संसाधन भी मिल सकें।
