लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे पर दो फुट ओवर ब्रिज (एफओबी) बनाए जाएंगे। इससे करीब डेढ़ लाख आबादी को आवागमन में राहत मिलेगी। एनएचएआई ने इसके लिए लखनऊ नगर निगम को पत्र लिखा है।

एनएचएआई के परियोजना निदेशक नवरतन के अनुसार, स्थानीय लोगों को परेशानी से बचाने के लिए एक्सप्रेसवे पर दो स्थानों पर एफओबी का प्रस्ताव तैयार किया गया है। नगर निगम को दोनों स्थानों पर मानक के अनुसार एफओबी बनाने होंगे। इससे पहले कंसल्टेंट कंपनी से सर्वे कराकर एफओबी की डिजाइन और खर्च का ब्योरा भेजना होगा। इसके बाद एनएचएआई मंजूरी लेकर धनराशि आवंटित करेगा। एफओबी पर आने वाला खर्च प्राधिकरण ही वहन करेगा।

एक्सप्रेसवे बनने के दौरान एनएचएआई ने गौरीगंज और दरोगाखेड़ा में बने अवैध कट बंद कर दिए थे। गौरी बाजार में चौराहा था और यहां बाजार लगती थी, जहां हजारों लोग सड़क के दोनों ओर से आवागमन करते थे। कट बंद होने से लोगों को दो से तीन किलोमीटर का लंबा चक्कर लगाना पड़ रहा है। पैदल यात्रियों को भी परेशानी हो रही है, क्योंकि डिवाइडर की ऊंचाई अधिक है।

एफओबी में लिफ्ट की सुविधा भी दी जाएगी, ताकि दिव्यांगजन, बुजुर्ग और बीमार लोग उसका उपयोग कर सकें। वहीं, गौरीगंज और दरोगा खेड़ा के आसपास रहने वाले स्थानीय लोग अंडरपास की मांग कर रहे हैं। उनका तर्क है कि एफओबी पर चढ़ना-उतरना पड़ता है, इसलिए लोग उसका कम उपयोग करेंगे और दो व चार पहिया वाहन उससे आ-जा नहीं सकेंगे। उनके अनुसार अंडरपास अधिक कारगर होगा, जिसमें पैदल यात्रियों के साथ वाहनों के आवागमन की सुविधा भी एनएचएआई को उपलब्ध करानी चाहिए।