आजम खां के 'हैदराबादी बिरयानी' वाले बयान को असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी एआईएमआईएम ने मुस्लिम वोटरों को साधने के लिए इस्तेमाल किया है। सोमवार को इटावा के मुस्लिम बाहुल्य इलाके नई बस्ती में हैदराबादी बिरयानी बनवाकर खिलाई गई। कार्यक्रम स्थल पर ओवैसी का पोस्टर लगाया गया था।
एआईएमआईएम और नगीना के सांसद चंद्रशेखर के नेतृत्व वाली आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के गठबंधन के बाद उत्तर प्रदेश में चुनावी हलचल बढ़ गई है। इस बीच सबसे ज्यादा चर्चा सपा नेता आजम खां के उस बयान की हो रही है, जिसमें उन्होंने जेल से बाहर आने के बाद कहा था कि दाढ़ी रखने से कोई मौलाना नहीं हो जाता और रामपुर वालों को हैदराबादी बिरयानी पसंद नहीं। इसी बयान को आधार बनाकर ओवैसी की पार्टी मुसलमानों के बीच पैठ बढ़ाने में जुटी है।
नई बस्ती में सोमवार को हैदराबादी बिरयानी खाने के लिए भीड़ इकट्ठी हुई। मौजूद मोहम्मद बहाउद्दीन कुरैशी ने कहा कि उनका परिवार पहले सपा का समर्थन करता था, लेकिन अब उन्हें अपनी बात उठाने वाला नेता मिल गया है। जिलाध्यक्ष शमशाद हुसैन वारसी ने दावा किया कि मुस्लिम समाज का रुझान ओवैसी की ओर बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि जीत भले न मिले, लेकिन मुस्लिम समाज अपनी राजनीतिक ताकत का अहसास जरूर कराएगा।
बिरयानी पार्टी को लेकर सपा जिलाध्यक्ष प्रदीप शाक्य ने कहा कि एआईएमआईएम के हैदराबादी बिरयानी बांटे जाने का असर सपा पर नहीं पड़ेगा। उन्होंने कहा कि बिरयानी अगर मुफ्त में बंट रही है तो कोई भी खा सकता है, इसमें बुराई क्या है।
