पंजाब विधानसभा चुनाव को देखते हुए चुनाव आयोग के आदेश पर बुधवार को पंजाब सरकार ने 31 आईपीएस और पीपीएस अधिकारियों के तबादले किए। इनमें तरनतारन के एसएसपी सुरेंद्र लांबा को मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के गृह जिला संगरूर का एसएसपी नियुक्त किया गया है। चंडीगढ़ में तैनात एआईजी अजय गांधी को तरनतारन जिले का नया एसएसपी लगाया गया है। गांधी गुरुवार को पदभार संभालेंगे।

2018 बैच के आईपीएस अधिकारी अजय गांधी बठिंडा में एसपी (आई) के रूप में तैनात रह चुके हैं। सितंबर 2024 में सरकार ने उन्हें मोगा जिले का एसएसपी बनाया था और इन दिनों उनकी पोस्टिंग एआई प्रोविजन चंडीगढ़ में थी। वहीं, नवंबर 2025 में तरनतारन विधानसभा हलके के उपचुनाव के दौरान चुनाव आयोग ने यहां तैनात एसएसपी रवजोत ग्रेवाल को सस्पेंड कर दिया था, जिसके बाद पंजाब सरकार ने तीन आईपीएस अधिकारियों का पैनल चुनाव आयोग को भेजा था। इसके बाद 2013 बैच के आईपीएस अधिकारी सुरेंद्र लांबा को तरनतारन जिले का एसएसपी लगाया गया था।

तरनतारन में तैनाती के दौरान लांबा ने गैंगस्टरों और नशा तस्करों पर नकेल डालने में अहम भूमिका निभाई। ए केटागिरी के कुख्यात गैंगस्टर गुरविंदर सिंह अफरीदी तूत की गिरफ्तारी और फर्जी पासपोर्ट पर कनाडा गए कुख्यात गैंगस्टर अमृतपाल सिंह बाठ को डिटेन करवाने में उनकी भूमिका रही। शांत स्वभाव के लांबा के नेतृत्व में जिला पुलिस ने कई नामी गैंगस्टरों को मुठभेड़ में ढेर किया।

नए एसएसपी अजय गांधी ने कहा कि गुरु नगरी तरनतारन की सेवा का सौभाग्य उनके लिए खास रहेगा। पंजाब को गैंगस्टर और ड्रग मुक्त बनाने के लिए जो अभियान चलाया जा रहा है, उसे हर हालत में कामयाब बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि पुलिस की खाकी वर्दी जनता की सेवा और कानून व्यवस्था कायम रखने के लिए है। गैंगस्टरों, नशा तस्करों और समाज विरोधी तत्वों के लिए खाकी का रवैया हमेशा सख्त रहेगा और इसका खौफ केवल अपराधियों के लिए होगा। गांधी ने कहा कि पुलिस और जनता के बीच बेहतर संबंध बनाना तथा जिले के थानों में फरियादियों को सम्मान दिलाना उनकी प्राथमिकता रहेगी, साथ ही विधानसभा चुनावों के मद्देनजर पुलिस प्रशासन अपनी जिम्मेदारी बाखूबी निभाएगा।