मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को अपने सरकारी आवास से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए मेरठ के औद्योगिक गलियारे में अमेरिकी कंपनी बॉल कॉर्पोरेशन की एल्युमीनियम बेवरेज कैन फैक्ट्री का वर्चुअल शिलान्यास किया। गंगा एक्सप्रेसवे के किनारे विकसित हो रहे इंटीग्रेटेड मैन्युफैक्चरिंग एंड लॉजिस्टिक्स क्लस्टर (आईएमएलसी) में लगने वाली इस इकाई की लागत 2,913 करोड़ रुपये है। शिलान्यास कार्यक्रम में राज्य मंत्री जसवंत सैनी, राज्य मंत्री सोमेंद्र तोमर, सांसद अरुण गोविल और अमित अग्रवाल समेत जनप्रतिनिधि, अधिकारी तथा कंपनी के पदाधिकारी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने रिमोट से शिलापट्ट का अनावरण किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह परियोजना मेरठ के लिए एंकर यूनिट की तरह काम करेगी। इससे हजारों युवाओं को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार मिलेगा और स्थानीय एमएसएमई, पैकेजिंग, लॉजिस्टिक्स, ट्रांसपोर्ट और रीसाइक्लिंग से जुड़े उद्यमियों के लिए कारोबार के नए अवसर खुलेंगे। उन्होंने कहा कि मेरठ खेल उत्पादों के लिए प्रसिद्ध है और अब पारंपरिक उद्योगों के साथ वैश्विक स्तर के आधुनिक विनिर्माण का बड़ा केंद्र बन रहा है। उन्होंने नमो भारत रैपिड रेल, 12 लेन दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे, गंगा एक्सप्रेसवे, ईस्टर्न व वेस्टर्न डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर और जेवर स्थित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट की निकटता को मेरठ की मल्टीमॉडल कनेक्टिविटी का आधार बताया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हाल में सीएनएच इंडस्ट्रियल के 1,200 करोड़ और ताइवान की क्रिएटिव सेंसर के 1,100 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्तावों पर भी काम आगे बढ़ रहा है। उन्होंने दावा किया कि आजादी के बाद लगभग 70 वर्षों में उत्तर प्रदेश में कुल 14 हजार फैक्ट्रियां लगी थीं, जबकि पिछले साढ़े नौ वर्षों में प्रतिवर्ष औसतन दो हजार फैक्ट्रियां लगाकर यह संख्या 35 हजार के पार पहुंच गई है। उन्होंने कहा कि कभी बीमारू कहे जाने वाला उत्तर प्रदेश अब देश की शीर्ष तीन अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश को 50 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव मिले हैं, जिनमें से 15 लाख करोड़ रुपये की परियोजनाएं धरातल पर उतर चुकी हैं। आगामी इन्वेस्टर समिट में लगभग साढ़े सात लाख करोड़ रुपये की परियोजनाओं की ग्राउंड ब्रेकिंग होगी। कार्यक्रम में यूपीडा सीईओ शैलेंद्र भाटिया ने कंपनी के अधिकारियों को भूमिका कब्जा प्रमाण पत्र सौंपा। इस अवसर पर औद्योगिक विकास आयुक्त आलोक कुमार, यूपीडा सीईओ अजय चौहान और इन्वेस्ट यूपी के सीईओ विजय किरण आनंद भी लखनऊ से जुड़े रहे।