लखनऊ में गुरुवार को कांग्रेस के संविधान रक्षा मार्च और आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) की रैली के मद्देनजर शहर की यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है। रमाबाई आंबेडकर मैदान के आसपास सुबह आठ बजे से और हजरतगंज क्षेत्र में सुबह नौ बजे से डायवर्जन लागू रहेगा। कार्यक्रम समाप्त होने पर यातायात सामान्य कर दिया जाएगा।
हजरतगंज में कांग्रेस के मार्च के कारण बंदरियाबाग, डीएसओ चौराहा, रायल होटल, विधानसभा मार्ग, हजरतगंज चौराहा और जीपीओ मोड़ की ओर सामान्य यातायात नहीं जा सकेगा। बंदरियाबाग से आने वाले वाहन लालबत्ती चौराहा, कैंट या गोल्फ क्लब और 1090 चौराहे होकर जा सकेंगे, जबकि डीएसओ चौराहे से हजरतगंज और विधानसभा की ओर जाने वाले वाहन पार्क रोड और मेफेयर तिराहे का रास्ता लेंगे। रायल होटल चौराहे से विधानसभा के सामने होकर हजरतगंज जाने वाले वाहन कैसरबाग, परिवर्तन चौक, सुभाष चौराहा, चिरैयाझील या बर्लिंगटन और कैंट होकर निकलेंगे। गोमतीनगर से चारबाग, आलमबाग और चौक जाने वाले वाहन समतामूलक चौराहे से ग्रीन कारिडोर और डालीगंज चौराहे या ताज अंडरपास, पिपराघाट और दिलकुशा होकर जा सकेंगे। सिकंदरबाग से चारबाग और कैसरबाग जाने वाले वाहन सुशीला स्मृतिका ग्रीन कारिडोर से डालीगंज और सीडीआरआइ होकर निकलेंगे, वहीं तेलीबाग और बंगला बाजार से गोमतीनगर जाने वाले वाहन कटाई पुल, दिलकुशा और जी-20 चौराहे का रास्ता अपनाएंगे।
रोडवेज और सिटी बसों के लिए भी अलग व्यवस्था रहेगी। महानगर की ओर से चारबाग और कैसरबाग जाने वाली बसें सिकंदरबाग और हजरतगंज के बजाय ग्रीन कारिडोर से डालीगंज होकर जाएंगी, जबकि चारबाग से गोमतीनगर और महानगर जाने वाली बसें हुसैनगंज, रायल होटल और विधानसभा मार्ग के बजाय कैंट या बर्लिंगटन और ग्रीन कारिडोर का रास्ता अपनाएंगी।
आजाद समाज पार्टी की रैली रमाबाई आंबेडकर मैदान में सुबह 10 बजे से शाम पांच बजे तक प्रस्तावित है। इसके मद्देनजर बिजली पासी किला चौराहे से बिजनौर के रमाबाई मैदान की ओर आने वाले छोटे-बड़े भारी वाहन और यात्री बसें स्मृति उपवन आशियाना चौराहा या रुचिखंड होकर जाएंगी। बिजनौर तिराहे से बिजनौर अंडरपास की ओर आने वाले भारी वाहन और बसें औरंगाबाद ब्रिज होकर बिजली पासी किला चौराहे से निकलेंगी। ओमैक्स तिराहे से रमाबाई अंडरपास की सर्विस लेन की ओर जाने वाले वाहनों को बिजनौर अंडरपास और न्यू गरौरा होकर जाना होगा। शहीद पथ ट्रांसपोर्ट नगर से आने वाले वाहन रमाबाई अंडरपास के वीआइपी रैंप से नहीं उतर सकेंगे और इन्हें सेक्टर आठ रैंप या उतरेठिया रेलवे क्रासिंग का रास्ता लेना होगा। औरंगाबाद अंडरपास से आने वाले वाहन रैन बसेरा तिराहे और आंबेडकर विश्वविद्यालय अंडरपास की ओर न जाकर बिजनौर अंडरपास और बिजनौर तिराहे से निकलेंगे। बंगला बाजार से आने वाले भारी वाहन जेल रोड से बिजली पासी किला चौराहे की ओर नहीं जा सकेंगे और इन्हें तेलीबाग, पिकडली और सरफोर्टगंज होकर जाना होगा। साउथ सिटी से आंबेडकर विश्वविद्यालय अंडरपास की ओर आने वाले वाहन तेलीबाग और उतरेठिया होकर निकलेंगे।
दोनों रैलियों के दौरान चिकित्सकीय आपात स्थिति में एम्बुलेंस, शव वाहन, फायर सर्विस और स्कूली वाहनों को वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध न होने पर प्रतिबंधित मार्गों से भी गुजरने की अनुमति दी जाएगी। इसके लिए ट्रैफिक कंट्रोल नंबर 9454405155 पर संपर्क किया जा सकता है।
