लखनऊ। उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच जारी बयानबाजी के बीच कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दोनों पक्षों से एक-दूसरे की भावनाओं की कद्र करने की अपील की है। उन्होंने नेताओं से जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने और आपसी समन्वय के साथ सौहार्दपूर्ण माहौल में लक्ष्य की ओर बढ़ने को कहा। गौतम ने अपनी पोस्ट में राज्य सरकार पर छात्र विरोधी, महिला विरोधी, किसान विरोधी, दलित विरोधी और पिछड़ा विरोधी होने का आरोप भी लगाया।
बता दें कि देर रात समाजवादी पार्टी ने पांच उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की थी, जिसके बाद दोनों दलों के नेताओं में जुबानी जंग शुरू हो गई थी। कांग्रेस की ओर से इमरान मसूद ने सपा पर गठबंधन को लेकर गंभीर न होने का आरोप लगाया था। इसके बाद राजेंद्र पाल गौतम ने मीडिया से बातचीत में तीन डिजिट में सीटों की बात कही थी, जिससे कांग्रेस के तेवर तल्ख नजर आ रहे थे।
इस बीच सपा की ओर से इकरा हसन ने पलटवार करते हुए इमरान मसूद के भीख वाले बयान पर आपत्ति दर्ज कराई थी। अब राजेंद्र पाल गौतम के तेवर नरम पड़ते दिखाई दे रहे हैं।
अब तक कांग्रेस और सपा के बीच दो दौर की बैठकें हो चुकी हैं। माना जा रहा है कि इन बैठकों में कांग्रेस को 26 से ज्यादा सीटें देने पर सपा की ओर से कुछ संकेत मिले हैं। ऐसे में अब तीसरे दौर की बैठक पर सबकी निगाहें टिकी हुई हैं।
