क्रिकेटर रिंकू सिंह और समाजवादी पार्टी की सांसद प्रिया सरोज चार दिसंबर को लखनऊ में विवाह के बंधन में बंधेंगे। वैवाहिक कार्यक्रम तीन दिसंबर से होटल रमाडा में शुरू होगा और दोनों परिवार दो दिसंबर से ही लखनऊ आ जाएंगे। इसी होटल में मेहंदी, पूजा और शादी से जुड़ी सभी पारंपरिक रस्में निभाई जाएंगी।
समारोह में दो हजार से अधिक मेहमानों के शामिल होने की संभावना है। आमंत्रण प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव और राहुल गांधी को भेजा गया है। फिल्म स्टार शाहरुख खान के साथ सुरेश रैना, भुवनेश्वर कुमार, कुलदीप यादव, तिलक वर्मा, प्रवीण कुमार, आरपी सिंह और पीयूष चावला जैसे क्रिकेटरों को भी न्योता दिया गया है। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, अश्विनी वैष्णव, चिराग पासवान, किरण रिजीजू और कमलेश पासवान समेत करीब एक दर्जन केंद्रीय मंत्रियों तथा लगभग 90 सांसदों और विधायकों को भी आमंत्रित किया गया है। कांग्रेस के राज्यसभा सदस्य राजीव शुक्ला के भी पहुंचने की संभावना है। समारोह का मेन्यू पूरी तरह शाकाहारी रखा गया है।
सांसद प्रिया सरोज ने विवाह के लिए बनारसी साड़ी और दिल्ली से खास ज्वेलरी तैयार करवाई है। उन्होंने दिल्ली और लखनऊ से खास परिधान बनवाए हैं, जिनमें बनारस की मशहूर बनारसी साड़ियां भी शामिल हैं। जयमाल के दौरान वह अपने क्षेत्र पिंडरा के लोकल मर्केंट की ज्वेलरी पहनेंगी। उन्होंने दिल्ली के पीसी ज्वेलर्स और बनारस के मोहम्मद जुबेर से भी गहनों की खरीदारी की है।
अलीगढ़ निवासी रिंकू सिंह और वारणसी निवासी जौनपुर के मछलीशहर से समाजवादी पार्टी की सांसद प्रिया सरोज की सगाई आठ जून 2025 को लखनऊ में हुई थी। इसके बाद शादी को लेकर कई तारीखें सामने आईं, लेकिन रिंकू के पिता की तबीयत खराब होने के कारण शादी टालनी पड़ी। सगाई के लगभग डेढ़ वर्ष बाद दोनों शादी के बंधन में बंधने जा रहे हैं। आईपीएल 2023 में कोलकाता नाइटराइडर्स की ओर से खेलते हुए रिंकू ने यश दयाल के एक ओवर की पांच गेंद पर लगातार पांच छक्के लगाए थे। उसके बाद रिंकू ने बताया था कि शाहरुख खान ने उनसे वादा किया है कि वह उनकी शादी में आकर नाचेंगे।
