शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने दरभंगा में कहा है कि सरकार मैथिली भाषा को प्राथमिक शिक्षा से जोड़ने का निर्णय ले चुकी है और इस संबंध में एक सप्ताह के भीतर अधिसूचना जारी की जाएगी। उन्होंने बताया कि मैथिली भाषा और पाठ्यक्रम की पुस्तक जल्द प्रकाशित होगी तथा प्राथमिक कक्षाओं में मैथिली पढ़ाने के लिए शिक्षकों की नियुक्ति की जाएगी। मंत्री मंगलवार शाम डा. नागेंद्र झा स्टेडियम में 54वें मिथिला विभूति पर्व समारोह के तीसरे दिन आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।
शिक्षा मंत्री ने कहा कि बिहार सरकार दरभंगा में गुरुकुल विद्यापीठ स्थापित करेगी, जहां एक ही परिसर में संस्कृत की नर्सरी से रिसर्च तक की पढ़ाई होगी। सरस्वती विद्या निकेतन का विस्तार किया जाएगा और जनप्रतिनिधियों की मांग पर विद्यालय को इसी नाम से परिवर्तित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि राज्य के सभी प्रखंडों में राजकीय डिग्री कॉलेज खोलने की दिशा में काम चल रहा है और कामेश्वर सिंह दरभंगा संस्कृत विश्वविद्यालय को केंद्रीय विश्वविद्यालय का दर्जा दिलाने के लिए केंद्र से संपर्क जारी है। वित्त रहित महाविद्यालयों के शिक्षकों और शिक्षकेत्तर कर्मियों को अब हर महीने डीबीटी के जरिए मानदेय दिया जाएगा।
कार्यक्रम में पर्यावरण मंत्री डा. रामचंद्र प्रसाद, सांसद डा. गोपालजी ठाकुर, राज्यसभा सदस्य डा. धर्मशीला गुप्ता और कामेश्वर सिंह दरभंगा संस्कृत विश्वविद्यालय के कुलपति डा. लक्ष्मी निवास पांडेय ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। पर्यावरण मंत्री ने दरभंगा एयरपोर्ट का नाम विद्यापति के नाम पर रखने के कदम का स्वागत किया और कहा कि अशोक पेपर मिल पर सरकार जल्द फैसला लेगी।
संस्थान के महासचिव डा. बैद्यनाथ चौधरी बैजू ने अतिथियों का स्वागत किया। पं. कमलाकांत झा के संचालन में शिक्षा मंत्री, वरिष्ठ अधिवक्ता शंभु नाथ झा, कुलसचिव प्रो. दिनेश झा, आईजी केशव कुमार चौधरी, चिकित्सक डा. संजीव कुमार चौधरी और लोक गायिका जुली झा को मिथिला विभूति सम्मान दिया गया।
