पटना। अखिल भारतीय मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) की बिहार इकाई के अध्यक्ष और पूर्णिया जिले के अमौर से विधायक अख्तरुल ईमान मुस्लिम महिलाओं के लिए पर्दा प्रथा की वकालत और महिला-पुरुषों के खुले मेलजोल की आलोचना संबंधी अपनी टिप्पणी को लेकर विवादों में घिर गए हैं। सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में वे कथित तौर पर एक सार्वजनिक सभा में मुस्लिम दुल्हनों के बिना घूंघट बैठने और पुरुषों द्वारा उन्हें घूरने पर नाराजगी जताते सुनाई दे रहे हैं। बताया जा रहा है कि यह वीडियो 7 नवंबर को पश्चिम बंगाल के लोधन में आयोजित एक जलसे का है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है।

विधायक के इस बयान की राज्य की सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने आलोचना की है। भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रकोष्ठ प्रभारी दानिश इकबाल ने कहा कि यह अफसोसजनक है कि एक विधायक प्रतिगामी मौलानाओं जैसी बातें कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि ईमान महिलाओं को अपमानित करने वाली बातें कर रहे हैं, जबकि महिलाएं शिक्षित होकर हर क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रही हैं। इकबाल ने कहा कि यदि उन्हें शरिया की इतनी ही चिंता है तो उन्हें अफगानिस्तान जाकर रहना चाहिए।

अपने बयान का बचाव करते हुए अख्तरुल ईमान ने कहा कि उन्होंने भले ही कड़े शब्दों का इस्तेमाल किया हो, लेकिन ये ऐसे हैं जैसे किसी जिद्दी बच्चे को थप्पड़ मारकर जगाने की कोशिश की जाती है। विधायक ने कहा कि मुस्लिम महिलाओं के लिए पर्दा हिंदू महिलाओं के लिए सिंदूर से कहीं अधिक महत्वपूर्ण है और उनकी बातें सामान्य, आस्थावान और धर्म का पालन करने वाले मुस्लिमों के लिए थीं।