उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 की आहट के साथ सुल्तानपुर की सियासत में हलचल तेज हो गई है। जिले की पांच विधानसभा सीटों में से भाजपा अपने सहयोगी दलों को कितनी सीटें देगी, इस पर मंथन और कयासों का दौर शुरू हो गया है। पिछले चुनाव की तुलना में इस बार गठबंधन के भीतर दावेदारों की संख्या बढ़ती नजर आ रही है।
2022 के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने सुल्तानपुर की सदर (जयसिंहपुर) सीट अपने सहयोगी दल निषाद पार्टी को दी थी, जहां प्रत्याशी ने भाजपा के चुनाव चिह्न कमल पर चुनाव लड़कर जीत हासिल की थी। अब निषाद पार्टी के साथ-साथ ओमप्रकाश राजभर की सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) भी जिले में अपनी दावेदारी पेश कर रही है। चर्चा इस बात की है कि भाजपा पिछले चुनाव की तरह एक ही सीट सहयोगियों को देगी या गठबंधन का दायरा बढ़ाकर दो सीटें साझा करेगी।
इसौली विधानसभा क्षेत्र में सुभासपा की दावेदारी को जिला पंचायत अध्यक्ष ऊषा सिंह के पति और बल्दीराय ब्लॉक प्रमुख शिव कुमार सिंह की सक्रियता से जोड़कर देखा जा रहा है। कुछ महीने पहले शिव कुमार सिंह ने भाजपा छोड़कर सुभासपा का दामन थाम लिया था। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि यह कदम आगामी चुनाव में टिकट की दावेदारी को मजबूत करने के उद्देश्य से उठाया गया है। जिस वक्त शिव कुमार सिंह सुभासपा में शामिल हुए, उस समय सुभासपा प्रमुख ओपी राजभर सुल्तानपुर के प्रभारी मंत्री थे। इसौली क्षेत्र में उनके लगातार कार्यक्रमों के बाद स्थानीय भाजपा संगठन की ओर से नेतृत्व तक फीडबैक पहुंचाया गया, जिसके बाद राजभर का प्रभार बदलकर उन्हें अंबेडकर नगर की जिम्मेदारी सौंप दी गई। हाल ही में शिव कुमार सिंह ने क्षेत्र में राजन जी महाराज की कथा का आयोजन कर अपनी राजनीतिक सक्रियता का संदेश दिया, जिसमें ओपी राजभर शामिल हुए, जबकि प्रदेश के शीर्ष नेतृत्व से किसी बड़े चेहरे की मौजूदगी नहीं रही। गौरतलब है कि शिव कुमार सिंह 2017 के विधानसभा चुनाव में भी इसौली से मैदान में उतर चुके हैं, तब उन्हें 11,445 वोट मिले थे।
दूसरी ओर, सदर सीट के मौजूदा विधायक राजप्रसाद उपाध्याय के सामने भी चुनौतियां कम नहीं हैं। 2012 और 2017 में बसपा के टिकट पर चुनाव लड़कर दूसरे स्थान पर रहे उपाध्याय ने 2022 के चुनाव से ठीक पहले निषाद पार्टी का दामन थामा था और भाजपा के सिंबल पर चुनाव जीतकर विधानसभा पहुंचे थे। स्थानीय चर्चाओं के अनुसार, क्षेत्र में सत्ता विरोधी लहर के आकलन के चलते उनके टिकट को लेकर अनिश्चितता की स्थिति बनी हुई है। इसी बीच, निषाद पार्टी के खेमे से ही डॉ. आशीष तिवारी का नाम भी चर्चा में है, जो सदर या लंभुआ विधानसभा सीट से अपनी दावेदारी मजबूत करने में जुटे हैं। फिलहाल सभी की नजरें भाजपा शीर्ष नेतृत्व और सहयोगी दलों के बीच होने वाले सीट बंटवारे पर टिकी हैं। निषाद पार्टी और सुभासपा की दावेदारियों के बीच भाजपा किस तरह क्षेत्रीय समीकरणों और सहयोगियों की अपेक्षाओं में संतुलन बिठाती है, यह आने वाले समय में जिले की राजनीति की दिशा तय करेगा।
