पंजाब में भारतीय जनता पार्टी और शिरोमणि अकाली दल ने छह साल से अधिक समय बाद फिर गठबंधन का ऐलान किया है। मंगलवार को केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और शिअद प्रमुख सुखबीर सिंह बादल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में इसकी घोषणा की। दोनों दलों ने अभी सीट शेयरिंग पर कोई ऐलान नहीं किया है। पंजाब उन पांच राज्यों में शामिल है, जहां 2027 की शुरुआत में विधानसभा चुनाव होने हैं।

अमित शाह ने कहा कि एनडीए का सबसे पुराना सहयोगी शिरोमणि अकाली दल फिर से एनडीए में आ रहा है और वह सुखबीर सिंह बादल का स्वागत करते हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने भी सुखबीर बादल और पार्टी अध्यक्ष को फोन किया और कहा कि अब एनडीए पूरा हो गया है। शाह ने कहा कि बादल साहब की पार्टी के बिना एनडीए अधूरा था और यह गठबंधन हिंदू-सिख भाईचारे का प्रतीक बनेगा।

भाजपा और शिअद ने 1996 में पहली बार गठबंधन किया था और 1997 के चुनाव में सरकार बनाई थी। इसके बाद गठबंधन ने 2007 और 2012 में जीत हासिल की। 2020 में तीन कृषि कानूनों को लेकर किसानों के विरोध प्रदर्शनों के बाद शिअद ने एनडीए छोड़ दिया था। तब शिअद ने कहा था कि केंद्र सरकार फसलों की एमएसपी पर पक्की मार्केटिंग की कानूनी गारंटी देने से इनकार कर रही है और पंजाबी व सिख मुद्दों पर असंवेदनशील है।

2022 के विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी ने 92 सीटों पर जीत हासिल की थी, जबकि कांग्रेस 18 सीटों पर सिमट गई थी। भाजपा को 2 और अकाली दल को 4 सीटें मिली थीं। इससे पहले 2017 का चुनाव दोनों दलों ने साथ लड़ा था, जिसमें गठबंधन 10 साल बाद सत्ता से बाहर हो गया था। नवंबर की शुरुआत में सुखबीर सिंह बादल ने गठबंधन पर सवाल पूछे जाने पर न हामी दी थी और न इनकार किया था। उन्होंने कहा था कि कुछ ही दिनों में पता चल जाएगा कि क्या होने वाला है।