तमिलनाडु के कल्लाकुरिची से TVK विधायक सी. अरुल विग्नेश के खिलाफ महिला जिला कलेक्टर को अश्लील मैसेज भेजने के आरोप में FIR दर्ज की गई है। राज्य सरकार ने मंगलवार को मद्रास हाईकोर्ट को इसकी जानकारी दी। सुनवाई के दौरान अदालत ने कहा कि हर महिला को यौन उत्पीड़न से सुरक्षा मिलनी चाहिए, चाहे वह मुख्य सचिव हो या सफाईकर्मी। कोर्ट ने कहा कि आरोपी विधायक उच्च संवैधानिक पद पर हैं, इसलिए जांच की निगरानी IG रैंक से नीचे का अधिकारी नहीं करेगा। पुलिस को तेजी से कार्रवाई का निर्देश देते हुए जांच की अंतिम रिपोर्ट 22 दिसंबर तक दाखिल करने को कहा गया है। अगली सुनवाई 27 नवंबर को होगी।

जस्टिस वी. लक्ष्मीनारायण ने मामले की सुनवाई की। याचिका वकील आर. त्रिशुली की ओर से लगाई गई थी, जिसमें DGP और कल्लाकुरिची के SP को 11 नवंबर 2026 को दी गई शिकायत के आधार पर FIR दर्ज कराने और निष्पक्ष जांच के निर्देश देने की मांग की गई थी। सरकारी वकील आर. जॉन सत्यन ने बताया कि महिला कलेक्टर की सोमवार को दी गई शिकायत पर कल्लाकुरिची के ऑल वुमन पुलिस स्टेशन में FIR दर्ज हुई है।

अदालत ने प्रेस और मीडिया को POSH एक्ट, 2013 की धारा 16 के दायरे में आने वाली जानकारी प्रकाशित या साझा करने से रोक दिया है, जिसके तहत शिकायत, पीड़िता की पहचान और जांच से जुड़ी कार्यवाही गोपनीय रहती है। जज ने कहा कि सोशल मीडिया पर मौजूद ऐसे संदेशों को साइबर क्राइम विभाग हटवाए और पीड़िता को न्याय मिलने तक कोई प्रकाशन न किया जाए। धारा 16 का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ मुकदमा चलाने की चेतावनी भी दी गई।

इससे पहले रविवार को राष्ट्रीय महिला आयोग (NCW) ने मामले का स्वत: संज्ञान लिया था। आयोग ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर कहा था कि मीडिया रिपोर्ट में विधायक पर पहले भी दुर्व्यवहार के आरोप लगे हैं और यह दावा भी किया गया कि वे नशे की हालत में कलेक्टर के आवास पहुंचे थे। आयोग की अध्यक्ष विजया रहाटकर ने तमिलनाडु के DGP को पत्र लिखकर निष्पक्ष जांच और सात दिन में विस्तृत एक्शन टेकन रिपोर्ट (ATR) मांगी थी। राज्य के मंत्री CTR निर्मल कुमार ने आरोपों को DMK नेता कनिमोझी की ओर से सोशल मीडिया पर साझा की गई फर्जी पोस्ट बताया था। विधायक अरुल विग्नेश ने भी आरोपों से इनकार करते हुए उन्हें अफवाह कहा और कलेक्टर पर अपने खिलाफ राजनीति करने का आरोप लगाया था।